कालका। पिंजौर-मल्लाह चौक के समीप अज्ञात कार चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। घटना में बाइक चालक की मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता धीरेंद्र निवासी गांव घाटीवाल ने बताया कि उसका दोस्त मनजिंद्र सिंह उर्फ मिन्टु निवासी गांव बसौंला रौनक होटल में हलवाई का काम करता था।
30 जनवरी की रात वह अपने दोस्त मनजिंद्र के साथ बाइक पर पंचकूला जा रहा था। बाइक उसका दोस्त मनजिंद्र उर्फ मिन्टु चला रहा था। रात करीब साढ़े 12 बजे जैसे ही वे मल्लाह मोड़ के समीप पहुंचे तो सामने से आती कार के चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सड़क के साथ बनी पक्की पुलिया के साथ टकरा गई।
घटना में मिन्टु के सिर में गहरी चोटें आईं और वह बेहोश हो गया। वह अपने घायल दोस्त को लेकर अस्पताल पहुंचा तो डॉक्टर ने उसके दोस्त को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दूसरी ओर कार चालक मौके का फायदा उठाकर घटनास्थल से फरार हो गया।