पंचकूला। गांव बिल्ला के पास आईटीबीपी के जवान को एक गाड़ी का चालक जोरदार टक्कर मारकर फरार हो गया। इस दौरान आईटीबीपी के जवान जीडी मोहिंद्र निवासी निवासी हरटा गश्त करते मौके पर पहुंचे। घायल आईटीबीपी जवान के नाक और पैर से खून बह रहा था। उन्होंने घायल को तत्काल सेक्टर-6 अस्पताल पहुंचाया। जहां से उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान घायल ने दम तोड़ दिया। मृतक जवान की पहचान कुलदीप सिंह के रूप में हुई है।
चंडीमंदिर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आईटीबीपी जवान जीडी मोहिंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि टक्कर मारने वाली गाड़ी का वह नंबर नोट नहीं कर पाए। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ चौकी से जवान सेक्टर-6 अस्पताल पहुंचे, जहां पता चला कि कुलदीप सिंह को पीजीआई रेफर कर दिया गया है। इसके बाद वे पीजीआई पहुंचे जहां डॉक्टरों ने बताया कि गंभीर चोट लगने से खून ज्यादा बह गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।