पंचकूला/रायपुररानी। मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के अंतर्गत सोमवार को रायपुररानी स्थित बीडीपीओ कार्यालय परिसर में मेले का आयोजन किया गया। इसमें लगभग 250 पात्र परिवारों को उनकी पात्रता के अनुसार सरकार की योजनाओं की जानकारी दी गई। डीसी महावीर कौशिक ने मेले में लगे 18 विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। उपायुक्त ने मौके पर उपस्थित पात्र लोगों से बातचीत की। इसके अलावा उन्हें प्रदान की जा रही योजनाओं से संबंधित काउंसिलिंग और आवेदन करने की प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान मेले में उपस्थित लोगों ने उपायुक्त को अपनी पात्रता की जानकारी दी। उन्होंने बताया की मेले के माध्यम से उनकी आय में वृद्धि करने और स्वरोजगार स्थापित करने के लिए विभिन्न विभागों ने स्टाल लगाए हैं। उपायुक्त महावीर कौशिक ने बताया कि 30 नवंबर से अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के तहत मेलों का आयोजन किया जा रहा है। अब तक इस प्रकार के पांच मेले लगाए जा चुके हैं और इसी कड़ी में आज रायपुररानी में छठा मेला आयोजित किया गया है।
उन्होंने बताया कि मेले में आए लाभार्थियों को सहायता प्रदान करने के लिए छह काउंसिलिंग डेस्क स्थापित किए हैं। इसके अलावा 18 विभागों के काउंटर भी लगाए हैं। इस मौके पर एसडीएम कालका ममता शर्मा, जिला योजना अधिकारी देवेंद्र सांगवान और अन्य विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।