फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पेयजल आपूर्ति से परेशान महिलाओं ने लगाया जाम

विज्ञापन
मटका लेकर बहीन गांव में प्रदर्शन करने जाती महिलाएं - फोटो : Palwal
विज्ञापन
हथीन। बहीन गांव में पेयजल की समस्या से परेशान परशुराम मोहल्ले एवं आसपास के क्षेत्रों की महिलाओं ने होडल-नूंह राजमार्ग पर जाम लगा दिया। इससे मार्ग पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस दौरान महिलाओं ने प्रदेश सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर के बाद जन स्वास्थ्य विभाग के कनिष्ठ अभियंता ने पहुंचकर लोगों को शांत कराया। इसके बाद जाम खुला।
विज्ञापन

जाम लगाने वाली इंद्रवती, रेशम, चंद्रा एवं ओमवती आदि महिलाओं ने बताया कि पिछले एक वर्ष से उनके मोहल्ले में पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही है। इससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से कई बार शिकायत भी की, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। इस कारण मजबूरीवश जाम लगाना पड़ा। इससे पहले महिलाओं ने पेयजल संग्रहण केंद्र बहीन पर भी खाली मटकों के साथ प्रदर्शन किया। गोरक्षा ट्रस्ट बहीन के प्रधान सतबीर रावत ने बताया कि जन स्वास्थ्य विभाग का स्थानीय अधीनस्थ स्टाफ जानबूझकर लापरवाही बरत रहा है। उन्होंने मांग की है कि मुहल्ले में नियमित रूप से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। जाम की सूचना मिलते ही बहीन थाना प्रभारी धर्मचंद पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने जाम लगाने वाली महिलाओं से बातचीत करनी चाही, लेकिन वे बात करने को तैयार नहीं थी। इसके बाद पुलिस ने महिलाओं को शांत किया। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने जन स्वास्थ्य विभाग के कनिष्ठ अभियंता आरिफ अंसारी को बुलाकर महिलाओं की समस्या के हल के बारे में बात की। कनिष्ठ अभियंता ने महिलाओं को समस्या के हल का आश्वासन दिया है। इसके बाद ही महिलाओं ने जाम खोला।

होडल-नूंह मार्ग पर जाम लगाए खड़े बहीन के लोग- फोटो : Palwal

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें