पलवल। अपराध जांच शाखा पुलिस ने करीब 25 लाख रुपयों से भरे एटीएम को उखाड़ कर ले जाने व पांच-पांच हजार के इनामी तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों की पहचान रणवीर उर्फ राणा निवासी धान्धुका, कृष्ण उर्फ छोटू निवासी बुलंदशहर (यूपी) और इस्लाम निवासी संजय कॉलोनी (पलवल) के रूप में हुई है। एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। गिरोह के पांच और आरोपी अभी भी फरार हैं। जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास लगातार जारी है।
पलवल डीएसपी मुख्यालय अनिल कुमार ने बताया कि सीआईए पलवल इंचार्ज विश्व गौरव को एटीएम को उखाड़ कर ले जाने वाले तीन आरोपी जिले में मौजूद होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही इंचार्ज विश्व गौरव के नेतृत्व में गठित की गई टीम ने मौके पर दबिश देकर तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों आरोपियों ने आसपास के जिलों में एटीएम उखाड़ने की कई वारदात को अंजाम दिया है। जिन पर उन जिलों की पुलिस की तरफ से भी इनाम घोषित है। पलवल पुलिस द्वारा इन तीनों पर पांच-पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
डीएसपी के मुताबिक गहन पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि अपने छह साथियों के साथ मिलकर 1 मई की रात को न्यू कॉलोनी स्थिति पीएनबी बैंक की एटीएम मशीन को उखाड़ा था। एक आरोपी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। जिसके पास से 1.10 लाख रुपये की नकदी व एक स्कॉर्पियो बरामद की गई थी। फिलहाल काबू किए गए आरोपियों से बरामदगी, एक एसयूवी कार जिससे आरोपियों ने एटीएम की रैकी की व फरार पांच आरोपियों के बारे में पता लगाने के लिए अदालत में पेश कर तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि इस संबंध में बैक मैनजर सोहन लाल निवासी पश्चिम विहार (दिल्ली) की शिकायत पर कैंप थाना में मामला दर्ज किया गया था और उनके अनुसार मशीन में करीब 25 लाख रुपये थे।