संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। जिला पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह ने महिला पुलिस कर्मी सहित तीन कर्मियों को निलंबित किया है। निलंबित किए गए कर्मचारियों में सदर थाने में कार्यरत एक उपनिरीक्षक तथा होडल थाने में कार्यरत एक महिला सहायक उपनिरीक्षक व हवलदार शामिल हैं। जिला पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह का कहना है कि लापरवाही तथा आम लोगों के साथ किसी भी तरह का दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इन तीनों के खिलाफ विभागीय जांच के लिए भी पुलिस अधीक्षक ने विभाग को लिखा है।
जिला पुलिस प्रवक्ता संजय कादयान ने बताया कि विभिन्न मामलों में होडल थाने में तैनात महिला एएसआई रेणु देवी एवं हवलदार कुलदीप सिंह के विरुद्ध लोगों द्वारा लगातार दुर्व्यवहार करने तथा रिश्वत मांगने की शिकायतें की जा रही थीं। जिस पर सज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह ने इसकी जांच डीएसपी को सौंपी। जांच में सहायक उपनिरीक्षक रेणु तथा हवलदार कुलदीप को दोषी पाए जाने पर तुरंत प्रभाव से पुलिस अधीक्षक ने निलंबित कर दिया। उन्होंने बताया कि वहीं सदर थाना पलवल में कार्यरत उपनिरीक्षक चंदन सिंह को थाना प्रभारी से दुर्व्यवहार करने के आरोप में निलंबित किया गया है।
पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह ने जिले में कार्यरत सभी पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि थानों और चौकियों में शिकायत लेकर आने वाले लोगों से प्यार से पेश आएं तथा किसी भी तरह की पैसों की मांग न की जाए। यदि ऐसा कोई मामला सामने आया या फिर लोगों के साथ दुर्व्यवहार करने की बात सामने आई तो कार्रवाई की जाएगी। भ्रष्टाचार बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।