पलवल। उपायुक्त कृष्ण कुमार ने रविवार को नागरिक अस्पताल पलवल में स्थापित किए जा रहे नए ऑक्सीजन प्लांट व अस्पताल परिसर में आयोजित वैक्सीनेशन कैंप का दौरा किया। उन्होंने कहा कि कोरोना के खिलाफ लड़ाई में इस ऑक्सीजन प्लांट की बड़ी भूमिका रहेगी, जिससे मरीजों को सीधे उनके बेड पर ही ऑक्सीजन मिलेगी। उन्होंने कहा कि कोरोना की संभावित तीसरी लहर के मद्देनजर प्रशासन निरंतर अपनी तैयारियां अपडेट कर रहा है, ताकि कोई भी परिस्थिति आने पर अधिक से अधिक लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने ऑक्सीजन गैस प्लांट का दौरा कर इसके माध्यम से ऑक्सीजन की सप्लाई की प्रक्रिया का विस्तार से जायजा लिया।
उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस ऑक्सीजन प्लांट को स्थापित कर जल्द से जल्द इसे चलाना सुनिश्चित करें और जो भी निर्माण संबंधी प्रक्रिया पूरी की जानी है, उसे कम से कम समय अवधि में पूरा करें। उन्होंने कहा कि कोविड-19 की परिस्थितियों के मद्देनजर जिला प्रशासन का प्रयास है कि किसी भी मरीज को आक्सीजन की कमी न रहने दी जाए। इस प्लांट के शुरू हो जाने से नागरिक अस्पताल पलवल में काफी हद तक ऑक्सीजन की आपूर्ति संभव हो पाएगी और अन्य ऑक्सीजन गैस प्लांटों से होने वाली सप्लाई की निर्भरता में कमी आएगी।
इस मौके पर उपायुक्त ने नागरिक अस्पताल पलवल में चल रहे वैक्सीनेशन कैंप का भी दौरा किया। उन्होंने कहा कि कोरोना से बचने का मजबूत सुरक्षा कवच केवल वैक्सीनेशन है, इसलिए सभी लोग इस सुरक्षा कवच को अपनाएं और अपना वैक्सीनेशन अवश्य करवाएं। यह वैक्सीनेशन पूरी तरह से सुरक्षित है और इसके प्रति किसी भी अफवाह पर भरोसा न करें। इस अवसर पर उनके साथ एसएमओ डॉ लोकवीर, उप सिविल सर्जन डॉ रेखा सिंह, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ योगेश मलिक, आयुष्मान के नोडल अधिकारी डॉ भूपेन्द्र सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।