पलवल। यदि आप दिल्ली-आगरा राजमार्ग पर वाहन लेकर जा रहे हैं तो जरा सावधानी से गाड़ी चलाएं। क्योंकि, राजमार्ग पर सड़क किनारे वाहन और ट्रक खड़े रहते हैं। इनके कारण बड़ी दुर्घटना का शिकार हो सकते हैं। राजमार्ग पर वाहन खड़े रहने का मुख्य कारण जिले में ट्रांसपोर्ट नगर का न होना है।
जिले में ट्रांसपोर्ट नगर बसाने की बनाई गई योजना नौ साल बाद भी अब तक सिरे नहीं चढ़ पाई है। इस योजना के लिए 62 करोड़ रुपये का बजट भी स्वीकृत हुआ था, लेकिन प्रकाश विहार और बसंत विहार के लोगों के विरोध के बाद उच्च न्यायालय से रोक लग गई और फिर अब तक विभाग ट्रांसपोर्ट नगर के लिए दूसरी जगह तलाश नहीं कर सका है। ऐसे में ट्रक और बड़े वाहन राजमार्ग एवं लिंक मार्गों पर सड़क किनारे खड़े रहते हैं। इससे न सिर्फ यातायात व्यवस्था खराब होती है, बल्कि हादसे का खतरा भी बना रहता है।
मुख्यमंत्री ने 2012 में की थी घोषणा
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा द्वारा वर्ष 2012 में पलवल में ट्रांसपोर्ट नगर बसाने की घोषणा की गई थी। इसके बाद आलापुर और अगवानपुर क्षेत्र की जमीन का अधिग्रहण कर सेक्टर-21 स्थापित कर ट्रांसपोर्ट नगर के लिए जगह सुनिश्चित कर दी गई। परिवहन विभाग द्वारा 62 करोड़ रुपये का बजट भी स्वीकृत कर दिया गया। ट्रांसपोर्ट नगर में गुरुग्राम और ग्रेटर नोएडा के कामर्शियल सेक्टरों की तरह विकास की योजना बनाई गई थी। यहां दुकानें, पेट्रोल पंप, टेलीफोन बूथ, ढाबे व पार्किंग बनाने की योजना थी। इस्टीमेट भी तैयार कर लिया गया था, लेकिन प्रकाश विहार और बसंत विहार के लोग इस क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट नगर बनाने के खिलाफ उच्च न्यायालय चले गए और न्यायालय ने इस पर रोक लगा दी। तब से लेकर अब तक पलवल में दूसरी जगह तलाश की जा रही है, लेकिन जिला प्रशासन व परिवहन विभाग जगह का चयन नहीं कर पाया है।
वाहन खडे़ रहने से लगता है जाम
ट्रक और बड़े वाहन कई बार तो कई-कई दिनों तक सड़क किनारे खड़े रहते हैं। इस कारण यातायात व्यवस्था ठप रहती है, वहीं जाम भी लगा रहता है। इससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
पलवल में ट्रांसपोर्ट नगर की मांग कई सालों से की जा रही है। इस बारे में कई बार विधायक से भी ट्रक मालिक मिल चुके हैं, लेकिन इस पर अब तक कोई काम नहीं हुआ है। ट्रांसपोर्ट नगर न होने से ट्रक व बड़े वाहन मालिकों को बेहद परेशानी होती है। सड़कों पर वाहन खड़े करने पड़ते हैं।
- नवनीत तेवतिया, प्रधान ट्रांसपोर्टर एसोसिएशन पलवल
-------
मुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री से कई बार बात हो चुकी है। परिवहन विभाग और जिला प्रशासन को इसके लिए जगह तलाशने को कहा है। प्रयास है कि पलवल में जल्द से जल्द ट्रांसपोर्ट नगर बसाया जाए। फिर परिवहन मंत्री से बात करूंगा। ट्रांसपोर्टरों की इस जायज मांग को जल्द सिरे चढ़वाया जाएगा।
- दीपक मंगला, विधायक पलवल