अमर उजाला का चुनावी रथ ‘सत्ता का संग्राम’ आज पलवल में है। यहां सुबह मतदाताओं से चाय पर चर्चा की गई। वहीं, दोपहर में युवाओं के मुद्दे जाने गए। चुनावों को लेकर युवाओं के क्या विचार हैं, नई सरकार से उनकी क्या अपेक्षाएं हैं। यह सब हम जानने की कोशिश की।
एक मतदाता ने कहा कि इस सरकार में युवाओं की बेइज्जती और शोषण हुआ है। इस चुनाव में युवा सरकार से बदला लेगा। हमने मुख्यमंत्री से मिलकर उनके सामने अपनी समस्या रखी। लेकिन वहां हमारी सुनवाई नहीं हुई। सांसद, विधायक तक को हमने अपनी परेशानी से अवगत कराया। लेकिन कहीं कुछ सुनवाई नहीं हुई। युवा बेरोजगारी से जूझ रहा है। कांग्रेस के सामने जब हमने अपनी समस्या रखी तो उन्होंने युवाओं को उनका हक दिलाने का वादा किया।
एक अन्य मतदाता ने कहा कि भाजपा सरकार में रोजगार खत्म हो गया है। इनकी सरकार में बहन-बेटियां सुरक्षित महसूस नहीं करती। जो अनपढ़ है वो ऊपर बैठा है, और पढ़ा-लिखा बेरोजगार घूम रहा है। इस बार मतदाताओं ने मन बना लिया है कि कांग्रेस की सरकार को बनाएंगे। कांग्रेस ने जनता के लिए पहले भी किया है और हमें उम्मीद है कि इस बार हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद हमारी सुनवाई होगी।
एक अन्य मतदाता ने कहा कि भाजपा ने रोजगार के नाम पर बस जुमलेबाजी और धोखेबाजी की है। युवाओं को बेरोजगार बनाने वाली इस सरकार को हटाना है और कांग्रेस को मौका देना है। एक और मतदाता ने कहा कि पलवल में विकास नहीं हुआ है, बिजली की कमी है, सड़कें खराब हैं। इस तरफ भाजपा ने कोई ध्यान नहीं दिया। इन्होंने कीचड़ में कमल खिलाया है। पूरे पलवल शहर में इन्होंने कीचड़ ही कीचड़ कर दिया।