पलवल। जिले में पलवल व होडल स्थित वाहनों का रजिस्ट्रेशन करने वाली पंजीकरण संस्था में फर्जी दस्तावेजों के द्वारा वाहनों के फर्जी रजिस्ट्रेशन कर एक और फर्जीवाड़ा करने का मामला उजागर हुआ है। पलवल व होडल में फर्जी दस्तावेजों के द्वारा रजिस्ट्रेशन अथॉरिटी के अधिकारियों व कर्मचारियों की मिलीभगत से हुए इस बड़े गोलमाल की पोल खुलने पर मुख्यमंत्री के उड़नदस्ते के डीएसपी की शिकायत पर वाहन मालिकों व अथॉरिटी के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए हैं। उड़नदस्ता के डीएसपी की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक द्वारा दिए गए निर्देश पर पलवल में 15 व होडल में 12 वाहन मालिकों सहित संस्था के कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
मुख्यमंत्री उड़न दस्ता के डीएसपी द्वारा पुलिस अधीक्षक को एक पत्र भेजकर शिकायत दी गई कि पलवल व होडल वाहन पंजीकरण संस्था में गलत तरीके से फर्जी दस्तावेज तैयार कर वाहनों के रजिस्ट्रेशन किए जा रहे हैं। कहा गया कि यह मामला उजागर गुप्तचर विभाग व मुख्यमंत्री उड़न दस्ता द्वारा की गई जांच के बाद हुआ है। उसकी जानकारी हरियाणा परिवहन निगम के आयुक्त को भी दी गई। पूरी जांच होने के बाद मामले में फर्जी कागजात तैयार कर वाहनों के फर्जी तरीके से किए जा रहे रजिस्ट्रेशनों का मामला सामने आने पर मुख्यमंत्री के संज्ञान में भी लाया गया। जिसके बाद पलवल जिला पुलिस अधीक्षक को ऐसे वाहन मालिकों तथा अथ्योरिटी कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने को कहा गया। उड़नदस्ता टीम के डीएसपी ने शिकायत के साथ जांच में फर्जी पाए गए सभी वाहनों के नंबर भी पुलिस अधीक्षक को उपलब्ध कराए हैं।
का कहना है कि मुख्यमंत्री उड़न दस्ता के डीएसपी की शिकायत तथा हरियाणा परिवहन निगम के पत्र के आधार पर फर्जी कागजातों के आधार पर पलवल व होडल अथॉरिटी में वाहनों के कराए गए रजिस्ट्रेशन के आधार पर वाहन मालिकों तथा अथॉरिटी में कार्यरत स्टाफ के खिलाफ धोखाधड़ी व भ्रष्टाचार का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस इस मामले में अब जांच करेगी तथा ये वाहन कहां चल रहे हैं, उनकी पहचान कर उन्हें जब्त कराने की भी कार्रवाई की जाएगी। पलवल में इस तरह का खेल चलने नहीं दिया जाएगा।
- राजेश दुग्गल, पुलिस अधीक्षक