दिल्ली-आगरा राजमार्ग जाम लगाए खड़े परिजन
- फोटो : Palwal
होडल। राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित गांव तुमसरा के पास बने टोल प्लाजा पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार सरकारी स्कूल के मुख्याध्यापक गांव मित्रोल निवासी गजेंद्र की मौत हो गई। दुर्घटना होते ही चालक कार लेकर फरार हो गया। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने गजेंद्र का शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। जाम लगते ही दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं। इसकी सूचना मिलते ही थाना मुंडकटी पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद डीएसपी सज्जन कुमार ने भारी पुलिस बल के साथ पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे फिर भी नहीं माने और 112 नंबर गाड़ी पर तैनात पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने तक जाम नहीं खोलने की बात कही। करीब दो घंटे बाद डीएसपी के आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम खोला। पुलिस ने गजेंद्र के भाई की शिकायत पर मामला दर्ज कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल में भेज दिया।
पुलिस को दी शिकायत में गांव मित्रोल निवासी महेंद्र सिंह ने बताया कि वह गांव से नांगला अहसानपुर से कपास के लिए मजदूर लेने के लिए जा रहा था। उसके आगे उसका भाई गजेंद्र अपनी बाइक पर सवार होकर गांव गुधराना में ड्यूटी पर जा रहा था। तभी एक तेज रफ्तार कार चालक ने उसके भाई की बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गए। दुर्घटना के बारे में जब उसने पास में खड़ी 112 नंबर गाड़ी में बैठे पुलिस कर्मचारियों से मदद मांगी तो वह पलवल की तरफ गाड़ी लेकर चले गए। सिर में लगी चोटों के कारण उसके भाई की मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने शिकायत के आधार अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी चालक की तलाश की जा रही है। डीएसपी सज्जन कुमार ने बताया कि 112 नंबर गाड़ी पर तैनात कर्मचारियों की लापरवाही की जांच की जाएगी। यदि पुलिस कर्मचारी दोषी होंगे तो उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।