फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कारगर साबित नहीं हुई बैंक अधिकारियों के साथ बैठक, आठ दिन बाद ही एटीएम उखाड़ ले गए बदमाश

विज्ञापन
विज्ञापन
पलवल। एटीएम की सुरक्षा के संबंध में बैंक अधिकारियों के साथ हुई पुलिस की बैठक कारगर साबित नहीं हुई, क्योंकि आठ दिन बाद ही बदमाश शहर के बीचोंबीच से एटीएम उखाड़कर फरार हो गए। बैठक में खास तौर पर हथियार के साथ सुरक्षाकर्मी तैनात करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन एक साथ लगे दोनों एटीएम पर कोई सुरक्षाकर्मी तैनात नहीं था। एटीएम में करीब 25.33 लाख रुपये रखे थे। समय रहते सूचना मिलने के बाद भी पुलिस बदमाशों को पकड़ नहीं पाई। पुलिस अधीक्षक ने गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें गठित की हैं, जो करीब 48 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं लगा पाई हैं।
विज्ञापन

दरअसल, शनिवार रात करीब तीन बजे स्कॉर्पियो सवार हथियारबंद नकाबपोश बदमाश न्यू कॉलोनी से पीएनबी बैंक का एटीएम उखाड़ कर ले गए। इसके साथ ही एचडीएफसी बैंक का भी एटीएम लगा है। दोनों एटीएम पर सुरक्षाकर्मी तैनात नहीं थे। एक युवक ने विरोध किया तो उसे हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और एटीएम लेकर फरार हो गए। व्यक्ति ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बावजूद पुलिस आरोपियों को पकड़ नहीं पाई। सूचना मिलने के तीन मिनट बाद ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई और वीटी भी करवाई गई, लेकिन नाकाबंदी न होने के कारण आरोपी निकल गए। समय रहते सूचना दिए जाने के बाद भी आरोपियों का फरार हो जाना, पुलिस की कार्यशैली पर प्रश्न चिन्ह लगाता है। एटीएम उखाड़ने के 48 घंटे बाद भी पुलिस कोई सुराग नहीं लगा पाई है।
निर्देशों का बैंक प्रबंधन पर नहीं दिखा असर
डीएसपी शिव अर्चन शर्मा ने 22 अप्रैल को बैंक अधिकारियों की बैठक ली थी, जिसमें निर्देश दिए गए थे कि वे एटीएम की सुरक्षा के प्रति सजग रहें। निर्देश दिए गए कि सेंसर अलार्म सही तरीका से कार्य करें। 24 घंटे हथियार सहित गार्ड की तैनाती की जाए। सीसीटीवी कैमरे उच्च गुणवत्ता एवं चालू हालत में हो तथा कैमरा की रिकॉर्डिंग 90 दिन या उससे अधिक हो। सीसीटीवी कैमरे की लोकेशन इस स्थिति में हो कि अंदर और बाहर की रिकॉर्डिंग साफ आए। कर्मचारियों व सुरक्षा कर्मियों के पास स्थानीय पुलिस के मोबाइल नंबर जरूर हो। आपातकालीन स्थिति में 112 नंबर डायल कर भी पुलिस की सुविधा लें। बैठक का बैंक प्रबंधन पर कोई असर नहीं दिखाई दिया। अभी भी जिले के ज्यादातर एटीएम सूने पड़े हैं।
विज्ञापन

वर्जन
डीएसपी मुख्यालय अनिल कुमार ने बताया कि समय-समय पर बैंक अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा इंतजाम कड़े रखने के निर्देश दिए जाते हैं। साथ ही रात में पुलिस गश्त भी निरंतर रहती है। एटीएम सुरक्षा के मद्देनजर खास तौर पर गश्त के निर्देश दिए गए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें