पलवल। जिले में हथियारों के बल पर लूट की निरंतर हो रही वारदातों से कानून व्यवस्था चरमरा रही है। अलग-अलग थाना क्षेत्र में रोजाना लूट की वारदात हो रही हैं। रविवार को चांदहट थाना अंतर्गत अलीगढ़ रोड़ पर पेलक गांव के नजदीक तथा गांव अमरपुर स्थित पेट्रोल पंपों से नकाबपोश बदमाशों ने हथियारों के बल पर नकदी लूट ली और हथियार लहराते हुए फरार हो गए। वहीं सदर थाना अंतर्गत बिजली चोरी के शक में परिवार के साथ मारपीट कर नकदी व जेवरात लूट लिए। पुलिस ने शिकायतों के आधार पर मुकदमे दर्ज कर लिए हैं। पेट्रोल पंपों पर लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले आरोपियों का पुलिस अभी तक सुराग नहीं लगा पाई है। पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।
केस एक
हथियार बंद आरोपियों ने पेट्रोल पंप से लूटे 37 हजार रुपये
चांदहट थाना पुलिस प्रभारी इंस्पेक्टर रमेश चंद के अनुसार हुडा सेक्टर दो निवासी अमन गोयल ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि अलीगढ रोड पर पेलक गांव के नजदीक श्रीश्याम फ्यूल नाम से पेट्रोल और डीजल बेचने का पंप लगाया हुआ है। रविवार दोपहर एक बजकर 20 मिनट पर नकाबपोश तीन अज्ञात व्यक्ति बाइक पर आए। आते ही तीनों व्यक्ति पंप के कार्यालय में घुस आए। सेल्समैन और शेखपुर खादर निवासी राकेश से 36,730 रुपये लूट लिए। राकेश ने लूट का विरोध किया तो तीनों आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। एक आरोपी के पास कट्टा और दूसरे के पास फरसा था। हथियार लहराते हुए आरोपी मौके से फरार हो गए।
केस दो
अमरपुर स्थित पेट्रोल पंप से लूटी नकदी
चांदहट थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रमेश चंद के अनुसार उत्तर प्रदेश के जिला नोएडा स्थित गांव फलेदा निवासी धर्मेंद्र ने
पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि वह गांव अमरपुर स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर सेल्समैन के तौर पर कार्यरत है। बीती सात मई की रात करीब सवा आठ बजे साथी सेल्समैन लेखराज के साथ पंप पर मौजूद था। तभी बाइक पर तीन नकाबपोश आरोपी आए और उस पर सीधा कट्टा तान दिया। आरोपियों ने उसकी जेब में रखे 9,810 रुपये लूट लिए। उसके बाद आरोपी पंप के कार्यालय में गए, जहां मालिक का भतीजा सचिन सोया हुआ था। जाते-जाते आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए अमरपुर चौकी की तरफ फरार हो गए। संवाद
केस तीन
मारपीट कर सोने की चैन व 1200 रुपये लूटे
बिजली चोरी की शिकायत के शक में एक परिवार के साथ मारपीट की गई। मारपीट के समय गोल्ड चैन और 1200 रुपये भी लूट लिए गए। सदर थाना पुलिस प्रभारी इंस्पेक्टर राधेश्याम के अनुसार गांव अटोहां निवासी बलराज ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि सात मई की रात करीब नौ बजे अपने परिवार के साथ घर पर बैठा था। उसी दौरान धर्मेंद्र, नरेंद्र, पवन, तरुण, ओमप्रकाश, प्रवीण सहित करीब 10 युवक लाठी-डंडा लेकर आए और मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। आरोपी सोने की चैन और 1200 रुपये नकद भी लूट कर ले गए। पुलिस ने शिकायतों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कर लिए हैं। पुलिस का कहना है कि मामलों की जांच की जा रही है।