पलवल। अक्षय तृतीया की तैयारियां शुरू हो गई हैं। शुभ मुहूर्त की वजह से इस दिन शहर में बड़ी संख्या में शादियां हैं। विवाह आयोजनों को लेकर भी बाजारों में रौनक दिख रही है। ऐसी मान्यता है कि इस दिन सोना खरीदना शुभ होता है। इसको लेकर लोग पहले से ही जूलरी शॉप पहुंचने लगे हैं। कई खरीदारों ने पहले से ही जूलरी की बुकिंग करा ली है, ताकि अंतिम समय में कोई परेशानी नहीं हो। वहीं दुकानदार ग्राहकों से मास्क व सामाजिक दूरी का पालन करने की अपील कर रहे हैं। शहर के किशन गंज बाजार, सर्राफा बाजार, मेन बाजार, सराय पुख्ता, जवाहर नगर कैंप में लोगों को खासी भीड़ देखने को मिली।
दरअसल, अक्षय तृतीया पर्व वैशाख माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि के दिन मनाई जाती है। इस दिन शुभ और मांगलिक कार्य किए जा सकते हैं। इस दिन मां लक्ष्मी की पूजा का विशेष महत्व है और सोना खरीदना शुभ माना जाता है। अक्षय तृतीया तिथि 3 मई सुबह 5 बजकर 19 मिनट पर शुरू है और 4 मई सुबह 7 बजकर 33 मिनट पर खत्म है।
अक्षय तृतीया पर्व के दिन स्नान, जप, दान का अनंत फल माना जाता है। अक्षय तृतीया के दिन ही पीतांबरा, नर-नारायण और परशुराम के अवतार हुए हैं, इसीलिए इस दिन को इनकी जयंती के रूप मनाई जाती है। इस दिन भगवान विष्णु की आराधना की जाती है। वहीं, महिलाएं अपने और परिवार की समृद्धि के लिए व्रत रखती हैं। ब्रह्म मुहूर्त में गंगा स्नान करके श्री विष्णु और मां लक्ष्मी की प्रतिमा पर अक्षत अर्पित किया जाता है।
जूलरी की खरीदारी को माना जाता है शुभ
अक्षय तृतीया पर सोने व चांदी की खरीदारी को शुभ माना जाता है। इसलिए बाजार में ज्वैलर्स की दुकानों पर भीड़ दिखाई दी। मेन बाजार में ओम ज्वैलर्स के संचालक संचालक संजिल गोयल ने बताया कि ग्राहक सोने की गिन्नी, चूड़ी, चांदी के सिक्के ज्यादा पसंद कर रहे हैं। पर्व को लेकर खरीदारी काफी बढ़ गई है। महंगाई होने के बावजूद लोग खरीदारी कर रहे हैं। शादी होने के कारण भी लोग जूलरी खरीद रहे हैं।
शादियों को लेकर हुई बिक्री
अक्षय तृतीया पर असूझ साया होने के कारण जूलर के साथ-साथ परचून सहित अन्य दुकानों पर भीड़ देखी गई। शादियों में दूल्हे के गले में डालने वाली नोटों की मालाएं, मिठाई, फूलों की मालाएं सहित अन्य विभिन्न प्रकार की खाद्य पदार्थो की बिक्री हुई। ढोल व बाजे वाले तैयारियां करते नजर आएं।