05पीएएलपी5- पलवल अस्पताल में मौजूद मृतक युवक के परिजन। - संवाद
लड़की के पिता ने लड़के के खिलाफ कराया था अपहरण का मुकदमा दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। पांच दिन पहले घर से भागे प्रेमी जोड़े ने रविवार सुबह ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी। युवक-युवती पलवल आइटीआई में साथ पढ़ते थे। 31 अक्तूबर को दोनों आइटीआई आए थे और वापस नहीं लौटे। लड़की के पिता ने लड़के के खिलाफ अपहरण का मुकदमा भी दर्ज कराया था। जीआरपी असावटी ने दोनों शवों को जिला नागरिक अस्पताल भिजवाया, जहां दोनों पक्षों के बयान लेकर भादंसं की धारा 174 के तहत कार्रवाई कर शवों का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिए गए। मामले में आगामी कार्रवाई कैंप थाना पुलिस करेगी।
जीआरपी असावटी चौकी प्रभारी भीम सिंह के अनुसार, रविवार सुबह उन्हें सूचना मिली कि जनौली रेलवे फाटक के समीप एक युवक-युवती ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और दोनों शवों को कब्जे में ले लिया। मृतकों की पहचान गांव कांवरका निवासी सुमित व गांव दीघोट निवासी अंजू के रूप में हुई। दोनों पलवल आइटीआई में पढ़ते थे। दोनों 31 अक्तूबर से घर से लापता थे। मामले में मृतक युवती के पिता ने बीती एक नवंबर को कैंप थाना पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया था कि उसकी 22 वर्षीय बेटी आईटीआई पलवल में सिलाई का कोर्स कर रही थी। सुमित भी आईटीआई में ही पढ़ता था। 31 अक्तूबर को अंजू घर से आईटीआई गई थी। दोपहर के समय दो नंबरों से उनके पास फोन आया तो अंजू ने कहा कि वह घर वापस नहीं आएगी। उसके बाद सुमित ने भी फोन पर बात कर कहा कि वह उसे कभी भी उनके पास वापस नहीं आने देगा। उसके बाद दोनों फोन बंद हो गए। वह अपने परिचित के साथ सुमित के घर गांव कांवरका पहुंचा और उसके पिता से शिकायत की। सुमित के पिता ने सुबह तक लड़की को बरामद कर सौंपने का आश्वासन दिया, परंतु अगली सुबह उसने लड़की को ढूंढ पाने में असमर्थता जता दी और कहा कि वह नहीं जानता कि उसका लड़का अंजू को लेकर कहां चला गया। उसने मामले की शिकायत कैंप थाना पुलिस को दी और सुमित के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज करा दिया। रविवार को उन्हें सूचना मिली कि सुमित व अंजू ने रेल के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली है। जीआरपी का कहना है कि मामले में दोनों पक्षों के बयान लेकर शवों को पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिए हैं। पहले मुकदमा कैंप थाना में दर्ज हुआ था, इसलिए आगामी कार्रवाई कैंप थाना पुलिस करेगी।
कैंप थाना प्रभारी सत्यनारायण के अनुसार, युवती के पिता की शिकायत पर धारा 366 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। अब दोनों ने आत्महत्या कर ली है तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।