मठेपुर गांव में बारिश के बाद मुख्य रास्ते में जलभराव के बीच से गुजरते ग्रामीण
- फोटो : Palwal
हथीन। क्षेत्र में रुक-रुककर हो रही बारिश से ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव की समस्या होने लगी है। बारिश का पानी खेतों के अलावा गांवों के अंदर घरों में भी भरने लगा है। मठेपुर गांव में हालात इस कदर हो गए हैं कि गांव के अंदर ही ‘बाढ’़ जैसी स्थिति दिखाई देनी लगी है। बारिश से जोहड़ के ओवरफ्लो होने के बाद गांव की गलियों और घरों में पानी भर गया है। इस कारण लोगों को दैनिक कार्य करने में भी परेशानी हो रही है। इसके अलावा मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से बीमारी फैलने का खतरा बन गया है। खंड विकास एवं पंचायत विभाग के अधिकारियों से कई बार शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
बारिश से मठेपुर गांव की जोहड़ पूरी तरह से भर गई। अब पानी ओवरफ्लो होकर गांव की गलियों और घरों में भरने लगा है। वहीं, खेतों में पानी भरने से फसलें खराब हो रही हैं। गांव के दो मोहल्लों के आम रास्तों में तो इतना पानी भर गया है कि वहां से निकलना तक बंद हो गया है। मूसा, इस्लाम, इलियास, नासिर, हकमुद्दीन एवं जफरुद्दीन ने बताया कि भारी बारिश के कारण जोहड़ ओवरफ्लो हो गया है। अब पानी घरों के अंदर भी घुसने लगा है। गांव के साबिर हुसैन ने बताया कि गांव में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। उन्होंने एसडीएम लक्ष्मी नारायण से संपर्क कर पानी निकासी की मांग की है।
--------
पानी भरने से गांव में बेहद खराब हालात हैं। गांव में बीमारी फैलने का खतरा बन गया है। कई बार अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
- मुन्ना, ग्रामीण
-------
गांव मठेपुर में बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। घरों से निकलना तक मुश्किल हो गया है। रास्ते पूरी तरह से बंद हो चुके हैं। खेतों में भी पानी भर गया है।
- साबिर हुसैन, ग्रामीण
इस संबंध में शिकायत मिली है। सभी संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दे दिए हैं। पानी निकासी का इंतजाम जल्द कराया जाएगा। गांव मठेपुर में ही नहीं यदि अन्य गांवों में भी इस तरह की समस्या है तो उसे भी दूर किया जाएगा। - लक्ष्मीनारायण, एसडीएम हथीन