कपड़ों के थोक शोरूम में लगी आग
- फोटो : Palwal
होडल। शहर की पुरानी अनाज मंडी स्थित कपड़ों से भरी तीन मंजिला दुकान में आग लग गई। आग इतनी भयंकर थी कि पलवल से दमकल की 5 गाड़ियों को आग पर काबू पाने के लिए बुलाया गया। दुकान में आग लगने से आसपास के दुकानदारों में अफरा-तफरी फैल गई और सूचना मिलते ही पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग लगने से लाखों रुपये के नुकसान होने का अनुमान लगाया गया है।
मंडी स्थित मयंक टेक्सटाइल के मालिक राजेश कुमार एवं मयंक कुमार मित्तल ने बताया कि रविवार सुबह 9 बजे उन्हें सूचना मिली कि दुकान से धुआं निकल रहा है। सूचना मिलते ही वह दुकान पर पहुंच गए। उन्होंने शटर खोला तो दुकान से आग की लपटें निकल रही थी। मामले की सूचना थाना पुलिस और दमकल को दी। आग की सूचना मिलते ही पुलिस एवं दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। विधायक जगदीश नायर भी मौके पर पहुंच गए और विधायक ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल को फोन पर आग की घटना के बारे में जानकारी दी। इस पर मुख्यमंत्री ने जिला उपायुक्त कृष्ण कुमार को आगजनी में हुए नुकसान के बारे में आकलन और जांच के आदेश दिए। इसके बाद तहसीलदार संजीव नागर व नायब तहसीलदार प्रेमप्रकाश गौत्तम के अलावा हल्का गिरदावर, पटवारी ने नुकसान की रिपोर्ट बनाकर जिला उपायुक्त कार्यालय भेज दी है।