पलवल। चांदहट थाना क्षेत्र में युवक का अपहरण कर जानलेवा हमला करने व जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। अपहरणकर्ताओं ने तीन-चार राउंड फायरिंग भी की, लेकिन गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर तीन नामजद व एक अन्य आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, जल्हाका गांव निवासी देवराज ने शिकायत दर्ज कराई है कि 5 नवंबर की शाम छह बजे उसका पुत्र निखिल व भतीजा नवीन गोवर्धन पर्व के लिए सामान लेकर प्लॉट की तरफ जा रहे थे। तभी बेढ़ा पट्टी होडल निवासी मनोज, नरवीर, धीरज अपने एक अन्य साथी के साथ कार में सवार होकर आए और आते ही हथियार के बट से निखिल पर हमला कर दिया। निखिल जमीन पर गिर पड़ा और आरोपी फायरिंग करते हुए नवीन को कार में अपहरण कर अपने साथ मोहना की तरफ ले गए। पीड़ित ने भतीजे को बचाने का प्रयास किया तो उस पर सीधे फायरिंग कर दी। लेकिन, वह बाल-बाल बच गया। इसके बाद पीड़ित भतीजे के फोन को मिलाता रहा, लेकिन उसका फोन बंद मिला। पीड़ित ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पीड़ित ने लगभग पौने सात बजे भतीजे का फोन मिलाया तो फोन मिल गया और उसने बताया कि आरोपियों ने उसकी बुरी तरह पिटाई की और उसे प्रहलादपुर-गुरवाड़ी गांव के बीच फेंककर फरार हो गए हैं। जाते समय आरोपी जान से मारने की धमकी देकर गए हैं। पीड़ित परिवार व पुलिस के साथ मौके पर पहुंचा और अपने भतीजे को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में दाखिल कराया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद नवीन को रेफर कर दिया।