03पीएएलपी7- मृतक सुमित का फाइल फोटो।
- 50 दिन पहले छात्र को बहलाकर अपने साथ ले गया था नेपाली युवक
- आरोपी ने हत्या कर शव को पहाड़ी में फेंका, आरोपी का पहचान पत्र व खून से लतपथ कपड़े मिले
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। 50 दिनों से लापता 10वीं कक्षा के छात्र का शव हिमाचल प्रदेश की पहाड़ी में बरामद हुआ है। करीब एक माह पुराने शव पर गंभीर चोटों का निशान हैं। परिजनों ने एक नेपाली युवक पर छात्र की हत्या करने का आरोप लगाया है। 50 दिन पहले नेपाली युवक छात्र को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। छात्र की गुमशुदगी का मामला सदर थाना पलवल में दर्ज है। हिमाचल प्रदेश में शव का पोस्टमार्टम करा बुधवार को शव पलवल लाया गया। पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
गांव गेलपुर निवासी प्रहलाद ने बताया कि उनका 17 वर्षीय पुत्र सुमित 10वीं कक्षा की में पढ़ाई करता था। उनके पड़ोस में ही नेपाल निवासी सूरज नाम का युवक रसोईया का काम करता था। सूरज और सुमित की आपस में दोस्ती हो गई। बीती 17 नवंबर को सुमित घर नहीं लौटा तो उन्होंने उसकी तलाश शुरू की, परंतु उसका कुछ नहीं पता चल पाया। बाद में उन्हें पता चला कि सूरज सुमित को बहलाकर अपने साथ ले गया। इसके बाद उन्होंने सुमित की गुमशुदगी की शिकायत सदर थाना पुलिस को दी। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सुमित के फोन की लोकेशन निकाली, जो हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिला स्थित नैना देवी मंदिर के समीप होटल की मिली। बीती 21 नवंबर को वह पुलिस टीम के साथ हिमाचल प्रदेश पहुंचे, परंतु उनके होटल में पहुंचने से आधा घंटा पहले ही सूरज सुमित को लेकर निकल गया। सुमित का फोन भी बंद आने लगा। काफी तलाश के बाद वह पुलिस टीम के साथ वापस आ गया। अब बिलासपुर पुलिस द्वारा पलवल पुलिस को सूचना दी गई कि सुमित का शव पहाड़ी से बरामद हुआ है। शव की पहचान उसके पास मिले आधार कार्ड से हुई है। सूचना पाकर वह पलवल अपराध शाखा की टीम मौके पर पहुंची। उन्हें बताया गया कि शव करीब एक महीना पुराना लग रहा है। उन्हें पहाड़ी पर सुमित के शव के पास सूरज का पहचान पत्र, जर्सी और खून से सने जूते बरामद हुए। हिमाचल प्रदेश के सरकारी अस्पताल में सुमित का पोस्टमार्टम करवाकर शव को पलवल लाया गया।
सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर छत्तरपाल के अनुसार हिमाचल प्रदेश से लापता छात्र का शव बरामद हुआ है। पुलिस मामले में हत्या का धाराओं को जोड़कर कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।