होडल के गांव बेढ़ा पट्टी में किसी बात को लेकर भाइयों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि बड़े भाइयों के सालों ने जीजा के छोटे भाइयों पर लाठी डंडों से हमला कर दिया। हमले में लगी चोट में 21 वर्षीय एक भाई की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शिकायत पर आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
होडल थाना प्रभारी अश्वनी कुमार गांव बेढ़ा पट्टी निवासी बिजेंद्र के आठ पुत्र हैं। उनके मंझले पुत्र मदन मोहन ने होडल थाने में शिकायत दी है कि उनके भाई कृष्ण और अवतार, गांव के अड्डे पर किराने व घरेलू सामान की दुकान करते हैं। उन दोनों की बड़े भाइयों सतदेव व पुरुषोत्तम से कुछ दिन पूर्व किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी, जो विवाद में बदल गई।
इसकी शिकायत सतदेव व पुरुषोत्तम ने अपनी सुसराल पृथला खंड के गांव बढराम में कर दी थी। इन दोनों की पत्नी आपस में बहनें हैं, इसलिए दोनों की ससुराल एक ही है।
शिकायत के अनुसार शनिवार को सतदेव व पुरुषोत्तम की सुसराल से आए उनके साले तेजपाल, आशाराम, अनिल व युधिष्ठर ने अपने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर गांव बेढ़ा में कृष्ण व अवतार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में कृष्ण व अवतार को सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने कृष्ण को मृत घोषित कर दिया और अवतार को नल्हड़ मेडिकल कॉलेज (नूंह) रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस होडल के सिविल अस्पताल पहुंच गई। जहां से मृतक कृष्ण के शव को पोस्टमार्टम के लिए पलवल के सिविल अस्पताल में लाया गया। मृतक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। एसएचओ के अनुसार पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर तेजपाल, आशाराम, अनिल व युधिष्ठिर सहित आठ लोगों के खिलाफ हत्या व हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस गिरफ्तारी के लिए आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।