महिलाओं ने शराब ठेके पर लगाया ताला
- फोटो : अमर उजाला
पृथला खंड के गांव असावटी में चल रहे अवैध शराब के ठेके पर बुधवार को महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। गुस्साई महिलाओं ने ठेके पर धावा बोलकर उसमें रखी शराब की बोतलों को तोड़ दिया और उनमें आग लगा दी। बाद में उन्होंने ठेके पर ताला जड़ दिया। उन्होंने डीसी अशोक शर्मा को ज्ञापन देकर ठेका संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की है।
गांव असावती में शराब के दो ठेके हैं। एक ठेका तो रेलवे स्टेशन के पास है और दूसरा गांव के प्रवेश पर असावटी जटोला रोड है। ग्रामीणों के अनुसार दूसरे ठेके को आबादी में अवैध रूप से चलाया जा रहा है। इस ठेके से कुछ ही दूरी पर एक निजी स्कूल भी है।
ग्रामीण महिलाएं कई दिनों से उक्त ठेके को बंद करने की मांग कर रही थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। बुधवार दोपहर को काफी संख्या में महिलाएं एकत्रित होकर ठेके पर पहुंचीं और उन्होंने वहां शराब पी रहे शराबियों को खदेड़ दिया। बाद में उन्होंने ठेके में रखी शराब की बोतलें तोड़कर उनमें आग लगा दी।
प्रदर्शनकारी महिलाओं के समर्थन में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता भी सड़क पर उतरे व लघु सचिवालय में डीसी अशोक शर्मा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन देने वालों में ज्ञानो, भगवान देई, सहजो, कमलेश, बिमलेश, बिल्ला, शांति, सुमन, मंजू, कमलेश व रामवती सहित गांव की अनेकों महिलाएं शामिल रहीं।