बुधवार सुबह एक व्यक्ति ने रुपये के लेनदेन को लेकर अपनी पत्नी फिर खुद को गोली मार ली। उसने वारदात को ससुराल में अंजाम दिया। घायल पति-पत्नी को पास के अस्पताल में दाखिल कराया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों की हालत गंभीर देखते हुए फरीदाबाद रेफर कर दिया है। मामले की सूचना मिलते ही डीएसपी मौजीराम व थाना प्रभारी सुनील कादियान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने वारदात में प्रयोग किया गया हथियार कब्जे में ले लिया है। घायल महिला के भाई के बयान पर मामला दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। पति-पत्नी की हालत गंभीर बताई जा रही है।
होडल थाना प्रभारी सुनील कादियान ने बताया कि नगलिया कोसी कला यूपी निवासी शिवचरण का अपने ससुराल वालों के साथ रुपये के लेनदेन को लेकर कई दिनों से कहासुनी चल रही थी। उन्होंने बताया कि इसी के चलते शिवचरण बुधवार सुबह अपनी पत्नी राधा को बाइक पर बिठाकर ससुराल पहुंच गया।
ससुराल के गेट पर पहुंचकर शिवचरण ने पहले तो अपनी पत्नी को गोली मारी फिर खुद को गोली मार ली। कादियान ने बताया कि राधा के कंधे पर और शिवचरण ने अपने पेट में गोली मारी। गोली की आवाज सुनकर ससुराल वाले बाहर आए। उन्होंने दोनों को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें फरीदाबाद के लिए रेफर कर दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि महिला के भाई खुशीराम के बयान पर मामला दर्ज करके मामले की छानबीन शुरू कर दी है। घायलों की हालत में सुधार के बाद ही घटना के कारणों का पता हो सकेगा।
होडल-गढी रोड स्थित जय लालदास बाबा फिलिंग स्टेशन पर बुधवार सुबह डीजल के रुपये मांगने पर दो युवकों ने सेल्समैन के साथ मारपीट कर कैश छीनने का प्रयास किया। पंप के अन्य कर्मचारियों को आता देख युवक सेल्समैन को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। सेल्समैन ने मामले की सूचना थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही डीएसपी मौजीराम पुलिस बल लेकर मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान गांव गढी पट्टी निवासी कल्लू व जीतेंद्र के रूप में हुई है।
थाना कोसी कला यूपी के गांव लालपुर निवासी प्रीतम जय लालदास बाबा फिलिंग स्टेशन पर सेल्समैन के पद पर कार्यरत है। उसने बताया कि बुधवार सुबह वह पंप पर तेल डाल रहा था तो एक ट्रैक्टर सवार दो युवक आए। युवकों ने एक हजार रुपये का डीजल डलवा लिया। रुपये मांगे तो गाली-गलौच करने लगे। इसके बाद दोनों युवक ट्रैक्टर से नीचे उतरे और सेल्समैन से रुपये लूटने का प्रयास करने लगे। सेल्समैन ने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर को सुनकर मैनेजर व अन्य कर्मचारी भी घटनास्थल की ओर दौड़ लिए।