तहसीलदार के छापे के दौरान ड्यूटी के समय जिला खेल अधिकारी भूपसिंह शराब का सेवन करता पकड़ा गया। जिला खेल अधिकारी का सिविल अस्पताल में मेडिकल प्रशिक्षण कराने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया गया। तहसीलदार कृष्ण कुमार ने बताया कि एसडीएम एसके चहल को किसी ने गुप्त सूचना दी थी कि जिला खेल अधिकारी खेल परिसर स्थित कार्यालय में दिन में ही ड्यूटी के समय शराब का सेवन कर रहा है और खेल परिसर में खिलाड़ी अपना अभ्यास कर रहे हैं। इससे समाज में गलत संदेश जा रहा है तथा खेल अधिकारी का यह प्रतिदिन का काम है।
सूचना के आधार पर एसडीएम ने तहसीलदार के नेतृत्व में टीम गठित कर मौके पर छापेमारी करने के आदेश दिए गए। आदेशानुसार तहसीलदार ने जिला खेल अधिकारी के कार्यालय पर छापा मारा तो खेल अधिकारी भूपसिंह शराब पीता पाया गया। टीम ने भूपसिंह को मौके से रंगे हाथों पकड़कर अपनी गिरफ्त में ले लिया और सिविल अस्पताल ले जाकर मेडिकल प्रशिक्षण कराया। इसके बाद शहर थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते पुलिस अस्पताल पहुंच गई और तहसीलदार की शिकायत पर जिला खेल अधिकारी भूपसिंह को हिरासत में ले लिया। खबर लिखे जाने तक पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया था बल्कि मामले की जांच में जुटी हुई थी।