गांव बघौला की कूड़ा जालने की शामलात जमीन व गांव की फिरनी पर अवैध कब्जों का आरोप लगा है। गांव निवासी सामाजिक कार्यकर्ता हरदत्त आदर्श ने सीएम विंडो पर शिकायत देकर गांव के दबंगों पर अवैध कब्जे करने का आरोप लगाया है।
हरदत्त ने बताया कि अवैध कब्जों का खेल वर्षों से पंचायतों के साथ मिलीभगत से हो रहा है, जिस कारण पंचायती भूमि खत्म होती जा रही है। हरदत्त का कहना है कि पहले भी छह मई को पंचायती भूमि की पैमाइश करवाकर अवैध कब्जों को खाली करवाने की मांग को लेकर उनकी पत्नी दयावती ने जिला उपायुक्त को शिकायत दी थी, परंतु उस पर कोई कारर्वाई नहीं हुई।
हरदत्त के अनुसार उन्होंने विकास एवं पंचायत विभाग के महानिदेशक को भी इंस संबंध में पत्र भेजा था, लेकिन उस पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस पर उन्होंने 12 जुलाई को सीएम विंडो में शिकायत दर्ज कराई थी। विंडो में की गई शिकायत भी अभी तक खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी के यहां जांच के लिए पड़ी हुई है। उन्होंने दोबारा शिकायत देकर पंचायती भूमि की जल्द पैमाइश कराकर अवैध कब्जों को खाली कराने की मांग की है।