कस्बे के मेन बाजार में शनिवार की रात बदमाशों ने एक व्यापारी की आंखों में मिर्च झोंककर नगदी लूटने का प्रयास किया। व्यापारी द्वारा विरोध करने पर बदमाशों ने हवाई फायर कर नगदी से भरा बैग लूट लिया। गोली की आवाज सुनकर पड़ोस के दुकानदार मौके पर पहुंच गए, जिन्हें देख बदमाश बैग फेंककर फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
शनिवार की रात को मेन बाजार के व्यापारी कैलाश व उनका भतीजा मनीष अपनी दुकान बंद कर घर जा रहे थे। जब चाचा-भतीजा दाऊजी वाली गली में पहुंचे तो पीछे से एक बाइक पर आए तीन बदमाशों ने उन दोनों की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर नगदी का थैला छीनने का प्रयास किया। सफल ना होते देख बदमाशों ने हवाई फायर किया व बैग लूटकर भागने लगे।
लेकिन फायर की आवाज सुनकर आस-पास के दुकानदार भी मौके पर पहुंच गए। लोगों को आता देख बदमाश नगदी भरा बैग वहीं फेंक कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने कैलाश की शिकायत पर बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। थाना एसएचओ देवेंद्र कुमार के अनुसार बदमाशों की शिनाख्त व गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।