दिल्ली-अलवर रोड पर गांव खेड़ला के समीप शनिवार को एक कार चालक ने सड़क पार करते हुए एक दस वर्षीय बालक को टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीछा करने पर कार चालक कार को छोड़कर भाग गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने दिल्ली अलवर रोड पर कंटीली झाड़ियां और बड़े पत्थर डालकर रास्ता जाम कर दिया।
घायल बच्चे सलमान पुत्र नजीर को शहीद हसन खां मेवाती मेडिकल कॉलेज नल्हड़ में भर्ती कराया गया है। हादसे को अंजाम देने वाली कार के चालक को काबू करने के लिए ग्रामीण दो गाड़ियां में सवार होकर पीछा करने लगे और गांव उजीना में इस कार को काबू कर लिया गया। लेकिन कार चालक भाग गया।
घायल सलमान के परिजन हनीफ ने बताया कि यह हादसा उनके सामने हुआ। सलमान सड़क पार कर रहा था। तभी नूंह की ओर से तेज रफ्तार आ रही कार के चालक ने उसे टक्कर मार दी। घायल सलमान गांव खेड़ला के सरकारी स्कूल की कक्षा छह में पढ़ता है। काफी देर तक रास्ता जाम रहने के बाद गांव के लोगों ने मौके पर अन्य लोगों को समझा बुझाकर यातायात जाम खुलवा दिया।
खेड़ला के ग्रामीण अलीजान, उमर मोहम्मद, रफीक प्रधान, नूरूद्दीन एडवोकेट, सद्दीक अहमद आदि ने मेडिकल मोड़ के समीप दिल्ली-अलवर रोड पर मेवात प्रशासन और पुलिस से जेब्रा कॉसिंग बनवाने तथा सुरक्षा के इंतजाम करने की अपील की है।