होडल। अवैध हथियार रखने वालों के विरुद्ध पलवल पुलिस की कार्रवाई निरंतर जारी है। होडल सीआईए पुलिस ने शनिवार को एक बार फिर हथियारों का जखीरा बरामद किया है। पुलिस ने एक आरोपी को काबू कर 13 देसी कट्टा बरामद किए हैं। आरोपी कार में राजस्थान से हथियारों को गांव ले जा रहा था। पुलिस ने करमन बॉर्डर पर नाकाबंदी कर आरोपी को काबू कर लिया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर पांच दिन की रिमांड पर लिया है।
होडल सीआईए इंचार्ज इंस्पेक्टर जंगशेर ने बताया कि शुक्रवार रात को उन्हें सूचना मिली कि एक युवक अवैध हथियारों के साथ होडल से गुजरेगा। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम गठित कर बिछौर रोड पर नाकेबंदी की गई। नाकेबंदी के दौरान स्विफ्ट डिजायर कार को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर कार से भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद हुए। जांच करने पर 13 देसी कट्टा पाए गए। पुलिस ने आरोपी को काबू कर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जिला नूंह के गांव बिछौर के सुकेडिया मोहल्ला निवासी संजीद उर्फ हनीफ बताया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने शनिवार को आरोपी को अदालत में पेश कर पांच दिन की रिमांड पर लिया है।
राजस्थान से खरीदकर लाया था अवैध हथियार
इंस्पेक्टर जंगशेर ने बताया कि अभी तक की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह राजस्थान के अलवल जिला के गांव के मुसेपुर गांव से हथियारों को खरीद कर लाया था। हथियारों को वह अपने गांव बिछौर ले जा रहा था। उन्होंने बताया कि रिमांड के दौरान आरोपी से हथियार बेचने वाले के बारे में पता गिरफ्तार किया जाएगा। हथियारों को सप्लाई किए जाने वाले स्थानों की भी जानकारी ली जाएगी। उन्होंने बताया कि आरोपी संजीद के खिलाफ पहले भी चार आपराधिक मामले में विभिन्न थानों में दर्ज है। आरोपी के खिलाफ होडल, फरीदाबाद, नूह व राजस्थान में मुकदमे दर्ज हैं।
अवैध हथियारों पर चल रहा विशेष अभियान
जिला पुलिस प्रवक्ता संजय कादियान ने बताया कि अवैध हथियार तस्करी के विरूद्ध एक से 15 जनवरी तक पुलिस का विशेष अभियान चल रहा है। बीती छह जनवरी को भी सीआइए होडल ने तीन देसी कट्टा, तीन देसी पिस्तौल, 95 कारतूस व पांच मैगजीन बरामद किए। इसके अलावा पूरे जिले में अभियान के दौरान दर्जनों आरोपियों को गिरफ्तार अवैध हथियार बरामद किए जा चुके हैं।