पलवल में अंत्योदय सरल केंद्र में काम कराने आए लोगों की लगी भीड़
- फोटो : Palwal
पलवल। भाइयों ऐसे काम नहीं चलेगा, चलो सब मिलकर उपायुक्त से शिकायत करते हैं। यह समस्या तो रोजाना की हो गई है। हर दिन यहां घंटों इंतजार करना पड़ता है। बुधवार को तो हद ही हो गई है, सुबह 9 बजे से यहां फाइल लेने के लिए खड़े हैं और 1 बज गया है पर कोई अधिकारी व कर्मचारी नहीं आया है। यह कहना था अंत्योदय सरल केंद्र में खड़े लोगों का। इन लोगों में कोई चालक लाइसेंस बनवाने की फाइल लेने आया था तो कोई परिचालक व सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए केंद्र में मिलने वाले फॉर्म को भरने के लिए आया था। लेकिन, कार्यालय में बुधवार सुबह से कोई कर्मचारी पहुंचा और न ही कोई अधिकारी।
सुबह नौ बजे से केंद्र पर खड़ा हूं। चालक लाइसेंस के लिए फाइल लेने आया हूं। लेकिन, दोपहर के एक बज गए हैं पर यहां अब तक कोई अधिकारी और कर्मचारी नहीं आया है। यह रोजाना की बात हो गई है। सारे काम छोड़कर सुबह से यहां खड़े हैं। - सीताराम, पलवल
चालक लाइसेंस बनवाने के लिए आया हूं। रोजाना छुट्टी करके तीन दिन से लगातार आ रहा हूं। एक तो पहले ही काम नहीं चल रहा, ऊपर से यहां पूरा दिन लग जाता है। इसके बाद भी यहां कोई नहीं मिलता। इससे तो अच्छा पहले ही सिस्टम था, जो संबंधित विभाग कार्यालय में जाकर काम करा लेते थे। - रोहित, छज्जूनगर
लापरवाही मिलने पर होगी कार्रवाई
इस संदर्भ में उपायुक्त कृष्ण कुमार का कहना है कि अंत्योदय सरल केंद्र लोगों की सहायता के लिए शुरू किया गया है, ताकि उन्हें एक छत के नीचे सरकार की सभी योजनाओं का लाभ मिल सके। वहां नियमित कर्मचारी व अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। स्वयं इस बारे में जानकारी लूंगा कि कर्मचारी वहां क्यों नहीं मिलते हैं। इसमें लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।