हथीन। मध्यप्रदेश में खरगोन जिले के कसरावद में बैंक एटीएम को काटकर रुपये निकालने के प्रयास में पुलिस ने गांव उटावड़ निवासी सलीम और इरशाद तथा बूराका निवासी इरशाद को गिरफ्तार किया है। इस गिरोह में शामिल नूंह जिले के इमरान एवं मुश्ताक को भी गिरफ्तार किया गया है। इन सभी बदमाशों को मध्यप्रदेश की खरगोन जिला पुलिस ने पांच दिन की रिमांड पर लिया है। गिरोह के अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए मध्यप्रदेश पुलिस लगातार हथीन सहित मेवात के इलाकों में दबिश दे रही है। पुलिस के अनुसार, एसपी सिद्धार्थ चौधरी ने पूरे मामले का खुलासा किया।
मध्यप्रदेश पुलिस ने बताया कि रविवार रात बदमाशों ने खरगोन जिले के कसरावद में एक बैंक एटीएम को काट कर रुपये निकालने का प्रयास किया। घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर छानबीन शुरू की। आरोपियों की कार खानपुर थाना क्षेत्र में ट्रेस हुई। पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन संकरे रास्ते पर कार फंस जाने से पुलिस ने कार से चार आरोपियों को हिरासत में लिया।
कसरावद टीआई वरूण तिवारी ने बताया कि हिरासत में आरोपियों ने कसरावद में वारदात कबूल की है। वे अपने साथ एक ट्रक भी लेकर चलते हैं। इसमें एटीएम काटने के औजार भी रखे होते हैं और वे इसे मौके से कुछ दूरी पर खड़ा कर देते थे। थाना प्रभारी ने बताया कि दो अन्य आरोपी फरार हैं।