लघु सचिवालय पर जारी धरने को संबोधित करती आंगनबाड़ी नेता।
- फोटो : Palwal
पलवल। आंगनबाड़ी वर्कर्स एंड हेल्पर्स यूनियन की हड़ताल 28वें दिन मंगलवार को भी जारी रही। कार्यकर्ता जिला उपायुक्त पार्क में एकत्रित हुईं और धरना-प्रदर्शन किया। धरने की अध्यक्षता उर्मिला रावत ने की, जबकि संचालन जिला उप प्रधान शशि देवी ने किया। करनाल में बुधवार को आयोजित रैली को लेकर तैयारी की गई। कार्यकर्ताओं को बताया गया कि पलवल बस स्टैंड से एक बस गांव अलावलपुर, अमरपुर, मोहना होते हुए छायंसा टोल बूथ से केजीपी एक्सप्रेसवे पर चढ़ेगी। दूसरी बस गुर्जर धर्मशाला, तीसरी बस हसनपुर से तथा चौथी बस मीतरोल गांव से रवाना की जाएगी। सभी बसें छायंसा टोल बूथ के समीप एकत्रित होकर करनाल रवाना होंगी।
सीआईटीयू के जिला प्रधान श्रीपाल सिंह भाटी, सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान राजेश शर्मा और सचिव योगेश शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को वार्ता के लिए 1 जनवरी को बुलाया था। विभाग की निर्देशक कई घंटे की बहस के बाद तीनों मांगों पर टालमटोल करती दिखाई दी। मुख्य रूप से केंद्र सरकार द्वारा वर्कर के 15 सौ रुपये और हेल्पर के 750 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी, जिसको हरियाणा सरकार ने अब तक लागू नहीं किया। कार्यकर्ताओं का प्रमोशन में 50 प्रतिशत कोटा 2018 के समझौते में तय हुआ था, जिसको अब सरकार 25 प्रतिशत करना चाहती है और लिखित परीक्षा की शर्तें रख रही है। जिला प्रधान उर्मिला रावत ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों का बढ़ा किराया लागू किया जाए। किराया कम देनेे पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाए। विभागीय ट्रेनिंग या मीटिंग में बुलाने पर टीए और डीए दिया जाए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को दुर्घटना होने पर इलाज का पूरा खर्च व मृत्यु होने पर अन्य विभागों की तर्ज पर तीन लाख का मुआवजा दिया जाए। धरने को कमला देवी, कोषाध्यक्ष विमलेश मंडकोला, पसंदी अलावलपुर, पुष्पा, सीमा, शशि, अनीता, सीटू के नेता दरियाब सिंह ने भी संबोधित किया।