रेवाड़ी में दहेज की मांग पूरी न करने पर ससुराल पक्ष के लोगों ने एक
विवाहिता को जहरीला पदार्थ पिला दिया। चार सितंबर को बेसुध हुई विवाहिता जब
होश में आई तो मामला दर्ज कराया गया है।
जांच अधिकारी बलवान सिंह के अनुसार झज्जर जिला सिलानी निवासी महिला प्रवीण की शादी रोहडाई निवासी दीपक के साथ हुई थी। प्रवीण ने
रोहड़ाई पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उसका पति दीपक व सास संतोष ने करीब 6 माह पहले उसके मायके वालों से पैसे लेकर वापिस नहीं दिए। दीपक ने प्रवीण को अपने मायके से और पैसे लाने की मांग की, परंतु उसने मना कर दिया।
आरोप है कि इसके बाद दीपक ने चार सितंबर को प्रवीण को किसी पेय पदार्थ में जहरीला पदार्थ पिला दिया। इससे उसकी तबीयत खराब होने लगी।
दीपक ने कुछ देर बाद डर के मारे प्रवीण को रेवाड़ी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया और खुद फरार हो गया। पुलिस ने सास संतोष और पति दीपक पर केस दर्ज कर लिया है।