हरियाणा के गांव शेखपुरा के पास सड़क किनारे खड़े एक डंपर से टकराकर मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत और उसके दो चचेरे भाई घायल हो गए। पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मूलरूप से फतेहगंज, अनाव, उत्तरप्रदेश फिलहाल अगवानपुर रोड गन्नौर निवासी कालू राम देर रात अपने चचेरे भाई रिंकू और कृष्ण के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहा था।
जब वे गांव शेखपुरा क्रिकेट अकादमी के पास पहुंचे तो उनकी मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़े डंपर से टकरा गई। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस ने तीनों को सामान्य अस्पताल में पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने कालूराम को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने रिंकू की शिकायत पर डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
रिंकू ने शिकायत में बताया कि डंपर के पीछे कोई इंडीकेटर नहीं था और न ही रिफ्लेक्टर लगा था। इसके कारण उनकी मोटरसाइकिल डंपर से टकरा गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।