दो सप्ताह से पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से गेहूं की फसल की सिंचाई नहीं कर पाने से परेशान किसानों ने बिजली निगम और सरकार को चेतावनी दी है कि अगर दो दिन में पर्याप्त बिजली नहीं मिली तो महेंद्रगढ़ शहर की पेयजल आपूर्ति को बंद कर देंगे। शुक्रवार को गांव देवास के पंचायत घर में गांव डुलाना, मेघनवास, बुचौली, सुरजनवास, खेड़ा, बवानियां, गागड़वास बचीनी, हरनाथ नांगल के किसानों और ग्रामीणों की बैठक हुई।
उन्होंने कहा कि इस बार 15 दिन पहले तापमान में अचानक वृद्धि होने से गेहूं की फसल को अधिक सिंचाई की आवश्यकता थी। लेकिन बिजली निगम द्वारा प्रतिदिन आठ के बजाय दो-तीन घंटे बिजली दी जा रही है, जिसके चलते उनकी गेहूं की फसल को 25 से 50 प्रतिशत तक नुकसान हो चुका है।
किसान सूबे सिंह, होशियार, अशोक, बिरेंद्र, रघुवीर, महेंद्र, देशराज, मनफूल, जगमाल, धर्मपाल, मोहलाराम, मुकेश, रमेश, गबदूराम, राजेंद्र ने कहा कि दो वर्षों से कई बार बवानिया के 33केवी पावर हाउस पर बिजली की समस्या को लेकर तालाबंदी व धरना प्रदर्शन किया गया है। लेकिन निगम के अधिकारियों द्वारा महज आश्वासन दिए गए, जबकि आपूर्ति में कोई सुधार नहीं हुआ। किसानों के ट्यूबवेलों पर लो वोल्टेज बिजली आने से आए दिन मोटर जल रही है, जिससे भारी नुकसान हो रहा है। 15 वर्ष पूर्व ग्राम पंचायत द्वारा पावर हाउस के लिए निगम के नाम जमीन की रजिस्ट्री भी करा दी गई है। लेकिन अभी तक कोई प्रक्रिया तक शुरू नहीं की गई है।
देवास जलघर से शहर में होती है पानी की सप्लाई
देवास जलघर से शहर में पेयजल की आपूर्ति की जाती है। यदि किसानोें ने सप्लाई को बंद कर दिाय तो शहर की 48 हजार आबादी के सामने पानी की समस्या खड़ी हो जाएगी, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। वर्जन:
एक सप्ताह से प्रदेश में बिजली की समस्या चल रही है। मुख्य थर्मल प्लांट में तकनीकी खराबी आने एवं काम चलने से क्षेत्र के साथ-साथ प्रदेश में पर्याप्त बिजली आपूर्ति नहीं हो रही है। आज उनकी पंचकूला में उच्च अधिकारियों के साथ बात हुई ती, जिसमें उन्होंने आगामी दो-तीन दिन में स्थिति सामान्य होने का आश्वासन दिया है। -बुधराम पंवार, अभियंता, दक्षिणी हरियाणा बिजली वितरण निगम।