फोटो नंबर 11--- गांव धनौंदा के मुख्य रास्ते में जमा गंदा पानी दिखाते ग्रमीण। संवाद
- फोटो : Narnol
मंडी अटेली। गांव धनौंदा में मुख्य रास्ते पर गंदा पानी जमा होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों में प्रशासन के खिलाफ काफी गुस्सा है।
गांव के पूर्व सरपंच लक्ष्मी नारायण के मकान से जाने वाले रास्ते की हालत इतनी खराब है कि वहां से लोगों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो रहा है। इस रास्ते पर करीब एक दर्जन के करीब परिवार स्थायी रूप से रहते हैं। आगे चलकर यह रास्ता कृषि भूमि से जुड़ा हुआ है। इससे हर समय आम नागरिकों के साथ किसानों का आवागमन बना रहता है, लेकिन समस्या यह है कि अब तक इस कच्चे रास्ते को पक्का करने की जहमत नहीं उठाई गई है। रास्ते में पानी की निकासी नहीं होने के कारण गांव का गंदा पानी बीच रास्ते में जमा हो रहा है। रास्ता कच्चा होने के कारण कीचड़ रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार प्रशासन के अधिकारियों को इस समस्या से अवगत करवाया गया है, लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जबकि गंदे पानी का जमावड़ा होने के कारण मक्खी-मच्छरों का प्रकोप भी काफी संख्या में हो रहा है। वहीं पानी में भी दुर्गंध आने लगी है। गांव के लोगों ने सरकार व प्रशासन से मांग की है कि समय रहते इस रास्ते को पक्का किया जाए ताकि राहगीरों को परेशानी का सामना न करना पड़े।