गांव बाघोत में बिजली की समस्या को लेकर जाम लगाते ग्रामीण। संवाद
- फोटो : Narnol
रात के समय बिजली के अघोषित कटों से परेशान गांव बाघोत के ग्रामीणों ने शुक्रवार को बस स्टैंड पर जाम लगा दिया। एक घंटे लगे जाम की सूचना के बाद बिजली विभाग के एसडीओ मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया। ग्रामीण संदीप हिंदू सहित अन्य लोगों ने बताया कि लंब समय से बिजली विभाग द्वारा लंबे-लंबे अघोषित कट लगाए जा रहे हैं। भीषण गर्मी एवं मच्छर की भरमार के चलते ग्रामीण परेशान हैं। सबसे अधिक परेशानी छोटे बच्चों को हो रही है।
एसडीओ मनोज कुमार ने बताया कि विभाग की तरफ से जारी किए गए शेड्यूल के अनुसार ही बिजली कट लगाए जाते हैं। लेकिन बाघोत गांव को जगमग योजना के तहत नहीं जोड़ा गया है। बाघोत गांव में बिजली के पोलों पर मीटर लगाने का कार्य लगातार चल रहा है। जैसे ही यह कार्य पूर्ण हो जाएगा तो गांव को जगमग योजना के तहत जोड़ने के लिए उच्च अधिकारियों को लिखा जाएगा। जगमग योजना के तहत जुड़ने के बाद ग्रामीणों को कोई परेशानी नहीं होगी।