परिवहन मंत्री मूलचंद्र शर्मा के आदेश के दूसरे दिन सतनाली व खुडाना के लिए दो बस सेवाएं शुरू की गई है। इन बस सेवाओं के शुरू होने से इन मार्गों पर पड़ने वाले अनेक गांवों के लोगों को इसका लाभ मिलेगा। महेंद्रगढ़ से गांव खुड़ाना व सतनाली कॉलेज की छात्राओं के लिए रोडवेज द्वारा सतनाली बस स्टैंड से महेंद्रगढ़ कॉलेज के स्पेशल बस सेवा शुरू की गई। यह स्पेशल बस सतनाली बस स्टैंड से प्रतिदिन सुबह 8 बजकर 30 मिनट पर चलेगी। राज्य परिवहन की बस सेेवा शुरू होने से कॉलेज में पढ़ रही छात्राओं को राहत मिलेगी।
बता दें कि शुक्रवार को कस्बे में आयोजित महाराणा प्रताप स्मृति दिवस समारोह में बतौर मुख्यातिथि पहुंचे परिवहन मंत्री से नागरिकों ने कॉलेज की छात्राओं के लिए स्पेशल बस चलाने के अलावा चंडीगढ़ व अन्य शहरों के लिए बसें चलवाने की मांग की थी जिस पर परिवहन मंत्री ने कॉलेज के लिए स्पेशल बस चलाने का निर्देश दिया था। परिवहन मंत्री के निर्देशानुसार परिवहन विभाग द्वारा शनिवार से सतनाली बस स्टैंड से महेंद्रगढ़ कॉलेज के लिए स्पेशल बस शुरू की गई।
खुडाना स्थित बाबा जयराम दास गोशाला में मुख्यातिथि परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने खुडाना से नारनौल बस सेवा की घोषणा की थी। घोषणा को अमलीजामा पहनाते हुए शनिवार से ही बस सेवा शुरू कर दी गई। बस के चालक विजय कुमार और परिचालक कैलाश कुमार ने बताया कि ये बस सुबह 7:45 पर खुडाना से नारनौल के लिए प्रस्थान करेगी। इस बस का रात्रि कालीन ठहराव गांव खुडाना में ही होगा। इस बस के चलने पर खुडाना गांव के ग्रामीणों ने परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा और पूर्व शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा का आभार जताया।
राज्य परिवहन डिपो नारनौल के जीएम नवीन शर्मा ने बताया कि परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा के निर्देशानुसार शुक्रवार से सतनाली बस स्टैंड से महेंद्रगढ़ कॉलेज के लिए बस सेवा शुरू की गई है। यह महिला स्पेशल बस सतनाली बस स्टैंड से सुबह 8:30 बजे महेंद्रगढ़ के लिए चलेगी। इसके अलावा महेंद्रगढ़ बस स्टैंड से गांव खुडाना तक भी बस सेवा शुरू की गई है।