खेतों में लगाए गए ट्यूबवेल से केबल व अन्य सामान चोरी होने से गुस्साए कस्बा कनीना के लोगों ने पुलिस चौकी कनीना में बैठक कर पुलिस और प्रशासन के खिलाफ रोष प्रकट किया। इस दौरान पीड़ित किसानों ने लगातार बढ़ रही चोरी की वारदात पर अंकुश लगाने की मांग की और इसे लेकर तहसीलदार नवजीत कौर को ज्ञापन सौंपा।
सुमेर सिंह, कमल यादव, पृथ्वी सिंह आदि ने बताया कि पिछले दो-तीन माह से कनीना के क्षेत्र में ट्यूबेलों पर केबल, ट्रांसफार्मर की केबल, मोटर के अलावा अन्य सिंचाई उपकरण चोरी की वारदात लगातार बढ़ रही हैं। पुलिस को कई बार लिखित शिकायत देकर अवगत कराया गया है, लेकिन अभी तक पुलिस एक भी वारदात में शामिल चोरों को पकड़ने में नाकाम साबित हो रही है। किसानों ने बैठक का आयोजन कर अपना रोष जताया।
पीड़ित किसानों ने यह भी बताया कि जब हम पुलिस के पास जाते हैं तो पुलिस मुकदमा दर्ज नहीं करती और कहती है कि हम चोरों को पकड़ देंगे, लेकिन इसके बावजूद भी चोर नहीं पकड़े जा रहे हैं। पीड़ित किसान विजय यादव ने बताया कि उसके ट्यूबवेल पर कई बार चोरी हो चुकी, लेकिन आज तक पुलिस चोरी किए गए सामान को बरामद करने में असफल रही है।
मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी किसानों को दिया आश्वासन
सूचना पुलिस थाना प्रभारी संतोष कुमार को लगी तो है पीड़ित किसानों के बीच पहुंचे और उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्या का जल्द ही समाधान किया जाएगा। इसके लिए पुलिस की टीमें बनाकर जांच में तेजी लाई जाएगी। आरोपियों को शीघ्र ही गिरफ्तार किया जाएगा। थाना प्रभारी के आश्वासन के बाद किसान अपने घरों को चले गए। बैठक में पूर्व चेयरमैन सुमेर सिंह, दिनेश यादव, होशियार सिंह, राजकुमार यादव, रामपाल यादव, मुकेश यादव, कमल यादव मौजूद रहे।