हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय(हकेंविवि) के शैक्षणिक सत्र 2021-22 के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 5 सितंबर है और ऑनलाइन आवेदन शुल्क 6 सितंबर तक किया जा सकता है। विश्वविद्यालय में उपलब्ध स्नातक, स्नातकोत्तर की 1670 सीटों पर दाखिले केंद्रीय विश्वविद्यालय संयुक्त प्रवेश परीक्षा (सीयू-सीईटी) 2021 के आधार पर हो रहे हैं। आवेदन प्रक्रिया के बाद स्नातक, स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के लिए आगामी 15, 16, 23 और 24 सितंबर को कंप्यूटर आधारित प्रवेश परीक्षाएं करवाई जाएंगी।
दाखिला प्रक्रिया के संबंध में विश्वविद्यालय के सीयू-सीईटी के नोडल ऑफिसर डॉ. फूल सिंह ने बताया कि इस बार सीयू-सीईटी-2021 का आयोजन शिक्षा मंत्रालय के अंतर्गत आने वाली नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के द्वारा किया जा रहा है। इस परीक्षा के अंतर्गत 12 केंद्रीय विश्वविद्यालय शामिल हो रहे हैं। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय इस बार इंटिग्रेटेड बीएससी, एमएससी भौतिकी, रसायन विज्ञान, गणित के नए पाठ्यक्रम शुरू कर रहा है। विश्वविद्यालय स्नातक कोर्स के लिए 458, स्नातकोत्तर के लिए 1122, इंटिग्रेटेड बीएससी, एमएससी पाठ्यक्रमों में 90 सीटों के लिए दाखिले करेगा।
सीयू-सीईटी-2021 के तहत यह विश्वविद्यालय है शामिल
हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय, जम्मू केंद्रीय विश्वविद्यालय, झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय, कर्नाटक केंद्रीय विश्वविद्यालय, केरल केंद्रीय विश्वविद्यालय, पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय, राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय, दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय, तमिलनाडु केंद्रीय विश्वविद्यालय, आंध्र प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय, गुजरात केंद्रीय विश्वविद्यालय, असम विश्वविद्यालय सिलचर आदि शामिल हैं।