मंडी अटेली(नारनौल)। गांव पृथ्वीपुरा में शराब के ठेके पर दो युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। यहां तक युवकों ने सेल्समैन की बाइक आग के हवाले कर और सीसीटीवी कैमरे भी क्षतिग्रस्त कर दिए। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने आग पर काबू पाया। सेल्समैन ने एक को नामजद करते हुए दो के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
पुलिस के अनुसार गांव बिहाली निवासी नरेश कुमार ने बताया कि वह गांव पृथ्वीपुरा में स्थित शराब के ठेके पर सेल्समैन है। रोजमर्रा की तरह बुधवार रात को भी 11 बजे ठेके को बंद कर दिया था। उसके उपरांत दो युवक बाइक पर सवार होकर शराब लेने आए तो उनको ठेका बंद होने की बात कह कर मना कर दिया था।
शिकायतकर्ता का कहना है कि कुछ देर बाद दोनों युवकों ने आकर ठेके के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को तोड़ दिया तथा जान से मारने की धमकी देते हुए बाहर खड़ी बाइक को आग लगा दी इसमें एक युवक गांव राजपुरा निवासी हरिओम था तथा दूसरे युवक की पहचान नहीं हो पाई। उसने इसकी सूचना पुलिस व दमकल विभाग को दी।