महेंद्रगढ़/नारनौल। क्षेत्रवासियों के लिए खुशखबरी है। मंदोला से कुकसी तक 54 किलोमीटर स्टेट हाईवे के डीपीआर के लिए तकनीकी टेंडर ओपन चुके हैं। इसके लिए पांच एजेंसियों ने आवेदन किया है। जल्द ही वित्तीय टेंडर भी ओपन हो जाएंगे। टेंडर ओपन होने के बाद कंसलटेंट हायर किया जाएगा। जो इस प्रोजेक्ट की डीपीआर बनाएगा। डीपीआर बनाने में लगभग डेढ़ महीने का समय लग सकता है। इसके बाद यह रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को सौंपी जाएगी।
रिपोर्ट के आधार पर सरकार बजट की मंजूरी देगी। इसके बाद एचएसआरडीसी रोड बनाने के लिए टेंडर कॉल करेंगे। इस प्रोसेस में भी लगभग दो महीने तक का समय लग जाएगा। टेंडर ओपन होने के बाद रोड पर काम शुरू होगा। इसमें अभी छह महीने का समय लग जाएगा। नए वर्ष जनवरी 2022 में ही रोड पर काम शुरू होने की संभावना है।
बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिहं हुड्डा ने 2013 में रायमलिकपुर से खेड़ी मोड तक रोड को स्टेट हाईवे का दर्जा दिया था। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने मार्च 2015 में हरियाणा को दो नए नेशनल हाईवे देने का ऐलान किया था। 9 अप्रैल 2015 को केंद्र सरकार ने अधिसूचना जारी कर पंजाब के बठिंडा-मानसा से राजस्थान के कोठपुतली तक की सड़क को एनएच का दर्जा दिया। अधिसूचना के अनुसार यह हाईवे कोठपुतली से नारनौल महेंद्रगढ़, दादरी, भिवानी, हांसी, बरवाला व टोहाना होते हुए पंजाब के मानसा तक रहेगा। इसके लिए केंद्र सरकार ने लगभग 1250 करोड़ रुपये मंजूर किए थे। पिछले तीन चार वर्षों के दौरान महेंद्रगढ़ विधानसभा को छोड़कर बाकी रोड एनएचएआई की ओर से बना दिया गया था। कुछ हिस्सा बाढ़ड़ा विधानसभा भी छोड़ दिया गया था। 18 जुलाई 2020 को दादरी से नारनौल तक रोड को केंद्र सरकार ने डिनोटिफाइ कर दिया और यह मामला प्रदेश सरकार के पास आ गया। प्रदेश सरकार ने एनसीआर पीबी से इसकी प्रक्रिया शुरू करवाई थी, लेकिन प्रोसेस काफी लंबा होने की वजह से प्रदेश सरकार ने पैरलल में इसका काम शुरू करवा दिया। लगभग चार महीने पहले एचएसआरडीसी की ओर से लगभग 293 करोड़ रुपये की एडमिनिस्ट्रेशन अप्रूवल मिल चुकी है।
----------------------------------
132 फुट चौड़ा बनेगा रोड
यह रोड एचएसआरडीसी की ओर से 132 फुट चौड़ा बनाया जाएगा। बीच में लगभग तीन फुट का डिवाइडर भी होगा। रेलवे ओवर ब्रिज के साथ दूसरा ओवरब्रिज भी बनाया जाने का प्रावधान भी है। यह शहर के बीचों बीच गुजरेगा तथा नांगल सिरोही गांव के पास बाइपास होकर गुजरेगा।
---------------------------------------------
महेंद्रगढ़-नारनौल को 16 जिलों से जोड़ने वाला हाईवे
महेंद्रगढ़, नारनौल को हरियाणा के 16 जिले इसी हाईवे के जरिये जुड़ते हैं। दादरी, भिवानी, रोहतक, झज्जर, हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, जींद, करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर, पानीपत, सोनीपत व कैथल को जोड़ने के लिए यह हाईवे उपयोग होता है। राजस्थान के कोठपुतली से पंजाब, चंडीगढ़ व हिमाचल को भी यही हाईवे जोड़ता है।
--------------------------------
वर्जन:
डीपीआर के लिए तकनीकी टेंडर ओपन हो चुके हैं। पांच एजेंसियों ने इसके लिए आवेदन किया है। वित्तीय टेंडर ओपन होने के बाद डीपीआर बनाई जाएगी।
-सतेंद्र सिंह, एक्सईएन, एचएसआरडीसी