महेंद्रगढ़। अटेली और महेंद्रगढ़ विधान सभा में बुधवार को विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेने पहुंचीं स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने कहा कि कुछ नेताओं ने दक्षिण हरियाणा और अहीरवाल बेल्ट को टुकड़े-टुकड़े करने की कोशिश की। अगर हवा बनाने वाला और सरकार बनाने वाला कोई क्षेत्र है तो वह दक्षिण हरियाणा ही है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि बहुत से लोगों ने दरार डालने की कोशिश की लेकिन आज अगर महेंद्रगढ़ जिले की विधायक बनी हूं तो इसका श्रेय राव इंद्रजीत सिंह को जाता है। उन्होंने कहा था कि वह अपनी बेटी महेंद्रगढ़ को सौंप रहे हैं।
इसी कारण आज वह आप सभी के बीच आई हैं ताकि जो थोड़ी दूरी हमारे बीच हो गई थी उसे खत्म कर सभी का साथ दे सकें। उन्होंने कहा कि लोग कहते हैं कि वह पहली बार विधायक बनी और पहली बार में ही मंत्री बनी लेकिन क्या 2014 चुनाव किसी को याद नहीं है, जब उन्होंने चार-चार विधायकों के लिए वोट मांगे थे।
उन्हें टिकट नहीं मिला था लेकिन उनके लिए वोट मांगने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी। उन्होंने कहा कि 2024 के चुनावों में दस साल की मेहनत के बाद उसे टिकट मिला। लोग कहते हैं कि मुझे आसानी से टिकट मिल गई लेकिन मेरी दस साल की मेहनत को नजरअंदाज कर दिया गया।
उन्होंने कहा कि 2009 के परिसीमन के बाद कुछ नेताओं ने गुड़गांव और महेंद्रगढ़ को बांटने की कोशिश की ताकि दक्षिण हरियाणा और अहीरवाल क्षेत्र कमजोर हो जाए। उनके पिता राव इंद्रजीत भी कई मंचों से कह चुके हैं कि प्रदेश में अगर सरकार बनती है तो उसका रास्ता दक्षिणी हरियाणा से होकर गुजरता है।