पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। संवाद
- फोटो : Narnol
सतनाली थाना की पुलिस टीम ने जान से मारने की नीयत से गोली चलाने के मामले में वीरवार को छठे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार को आरोपी सतनाली बास निवासी कुलदीप उर्फ कालू को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता सुमित कुमार ने बताया कि जवाहर नगर निवासी गौरव ने सतनाली थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह पढ़ाई के साथ-साथ पहलवानी भी करता है। वर्ष 2018 में उसने गांव के ही युवक को कुश्ती में हराया था। उसी रंजिश को लेकर उसके भाई प्रवीण ने फोन पर धमकी दी और 25 अक्तूबर को घर के बाहर जान से मारने की नीयत से गोलियां चलाई थी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दो नामजद व चार अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इस मामले में पांच आरोपियों को पहले गिरफ्तार किया जा चुका है। वारदात में शामिल छठे आरोपी कुलदीप उर्फ कालू को वीरवार को गिरफ्तार किया है।
इस मामले में मुख्य आरोपी प्रवीण सहित नरेंद्र, दीपक, सुमित उर्फ अरुण और प्रदीप उर्फ लोडर को पुलिस द्वारा पहले गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि पीड़ित आरोपी प्रवीण के पिता के अखाड़े में पहलवानी करता था। किसी कारणवश उसने यह अखाड़ा छोड़कर दूसरे अखाड़े में पहलवानी शुरू कर दी और वर्ष 2018 में पीड़ित ने आरोपी प्रवीण के भाई को कुश्ती में हरा दिया था। इसी रंजिश को लेकर आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया।