सड़क हादसे में भाई, बहन और भांजे की मौत होने से दोनों के परिवार उजड़ गए। वीरवार को तीनों शवों का नारनौल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद उनके परिजनों को सौंप दिए गए। मृतक सुरेश निवासी फतेहपुर, कोटपुतली, राजस्थान एक निजी स्कूल में पढ़ाता था। उसकी पत्नी दोनों पैरों से दिव्यांग हैं। वह जैसे-तैसे कर घर का कार्य मुश्किल से कर पाती है। मृतक का साढ़े तीन वर्ष का एक बेटा और एक वर्ष की बेटी है। इसके अलावा उसका एक छोटा भाई महेश है, जो मजदूरी करता है। उसकी भी दो बेटियां हैं।
सुरेश के पिता की मौत तीन वर्ष पहले हो चुकी है। वहीं मृतक सुरेश की बुआ की लड़की (बहन) ममता एवं उसका बेटा राज दोनों की मौत होने से उसका परिवार भी लगभग खत्म हो गया है। ममता का पति दयाराम दिमागी रूप से कमजोर है और वह मजदूरी करता है। इस हादसे की वजह से दोनों भाई-बहनों के परिवार उजड़ गए ।
बता दें कि सुरेश की बुआ की लड़की सुंदरपुरा, कोटपुतली, जयपुर में ब्याही थी और उसका साढ़े तीन साल का बेटा था। राज चार-पांच महीने से बीमार था। राज को नारनौल दिखाने के लिए महेश, सुरेश, ममता तथा राज चारों मुसनौता महेश की बहन के यहां आए थे। बुधवार की शाम को बाइक पर सवार होकर वो तीनों राज को दिखाने के लिए नारनौल चिकित्सक के पास लेकर जा रहे थे। नया गांव के पास पीछे से आ रहे ट्राले ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे सुरेश, ममता तथा राज गंभीर रूप से घायल हो गए। महेश को हलकी चोट आई। सभी को नांगल चौधरी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने सुरेश को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल ममता और उसके बेटे राज को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। दोनों को कोटपुतली एक निजी अस्पताल ले जाया गया जहां पर इलाज के दौरान मां-बेटे ने भी दम तोड़ दिया।
पुलिस ने बनवाए स्पीड ब्रेकर, रिफ्लेक्टर के लिए कार्यकारी अभियंता को पत्र लिखा
बता दें कि नारनौल से नांगल चौधरी वाया निजामपुर रोड पर कई हादसे वाले प्वाइंट हैं। इन प्वाइंटों पर कई बार हादसे हो चुके हैं। कई लोगों की जान भी जा चुकी है। वीरवार को पुलिस ने बायल की तरफ जाने वाले रोड, नांगल चौधरी से निजामपुर तथा एक बाईपास पर स्पीड ब्रेकर बनवाए हैं। इसके अलावा जागरूकता के लिए अलग-अलग स्थानों पर लगाने के लिए तीन साइन बोर्ड भी बनवाए हैं, जिन पर गाड़ी धीरे चलाए, लिखा जाएगा। इसके अलावा पुलिस विभाग ने लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता अश्वनी गहलावत को रिफ्लेक्टर लगाने के लिए पत्र लिखा है। उन्होंने पत्र में निजामपुर बाईपास, नांगल दर्गु मोड़, निजामपुर से नयागांव जाने वाले रोड पर रिफ्लेक्टर लगाए जाने की मांग की है। कार्यकारी अभियंता ने थाना प्रभारी मेहर सिंह को आश्वस्त किया है कि वो तीनों ही स्थानों पर जल्द ही रिफ्लेक्टर लगवा देंगे।
सड़क हादसे के बाद चालक ट्राले को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्राले का कब्जे में ले लिया है। वीरवार को तीनों शवों का पोस्टमार्टम करवा कर उनके परिजनों को सौंप दिया गया है। ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मेहर सिंह, थाना प्रभारी, नांगल चौधरी।