फसल सत्यापन के आंकड़ों का निरीक्षण करते उपायुक्त श्याम लाल पूनिया। संवाद
- फोटो : Narnol
उपायुक्त श्याम लाल पूनिया ने मंगलवार को गांव मुसनोता के खेतों में जाकर फसल सत्यापन (क्रॉप वेरीफिकेशन) के कार्य का औचक निरीक्षण किया। इस मौके पर एप के माध्यम से प्रविष्ट की गई फसल का मिलान किया गया। आंकड़ों के सही नहीं मिलने पर पटवारी सुनील को निलंबित कर दिया गया। साथ ही उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आंकड़ों में तकनीकी कारण से हुई त्रुटि को जल्द ठीक किया जाए।
उपायुक्त ने खेतों के बीच पहुंचकर सजरा, खसरा गिरदावरी व फसल जांच बुक तथा एप में की गई प्रविष्टि को देखकर फसल सत्यापन के आंकड़ों का मिलान किया। इस दौरान फसल सत्यापन के आंकड़ों के सही नहीं मिलने के कारण मुसनोता के पटवारी सुनील को निलंबित कर दिया। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सत्यापन आंकड़ों में तकनीकी कारणों से कोई त्रुटि हुई है तो उसको जल्द ठीक करें, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। जिले में फसल सत्यापन का कार्य पूरा हो गया है। इसी कार्य की जांच के लिए उपायुक्त ने औचक निरीक्षण किया। इस मौके पर कुछ गैर मुमकिन जमीन की एप में प्रविष्टि न होने के मामले में उपायुक्त ने निर्देश दिए कि इसकी एक अलग से रिपोर्ट बनाकर भेजी जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इस मौके पर डीसी ने किसानों से भी मुलाकात की। किसानों ने बताया कि इस बार रबी की फसल अच्छी हुई है। फिलहाल फसलों के भाव भी अच्छे हैं, ऐसे में इस सीजन में किसानों को काफी फायदा होगा।
इस अवसर पर तहसीलदार अजय कुमार, नायब सदर कानूनगो सतीश कुमार, अजीत सिंह, मामचंद नंबरदार, गोकल समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।