नोटिस जारी करने के बाद भी अवैध निर्माण करने व विकास शुल्क न भरने वालों के खिलाफ नांगल चौधरी नगर पालिका ने कार्रवाई करनी शुरू कर दी है। शुक्रवार को नगर पालिका के अधिकारियों ने ड्यूटी मैजिस्ट्रेट तहसीलदार अजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में शहर में करीब 9 दुकानों को सील लगाई। हालांकि इस दौरान कई जगहों पर दुकान मालिक अधिकारियों के साथ नक्शा पास करवाने व विकास शुल्क की फीस भरने की बात को लेकर बहस करते हुए नजर आए लेकिन पुलिस साथ होने से दुकानों को सील लगाने की कार्रवाई पूरी की गई। इस मौके पर अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि किसी ने बिना विकास शुल्क व नक्शा फीस जमा करवाए, सील खोलने या फिर छेड़छाड़ करने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी।
जानकारी के अनुसार नांगल चौधरी में हाईवे व बाईपास रोड बनने के बाद लोगों ने कोटपुतली रोड, बहरोड़ रोड, नारनौल रोड व निजामपुर रोड पर व्यवसायिक दुकानों के साथ कई कॉलोनियों में अवैध रूप से मकान बन रहे हैं। इनमें अधिकतर लोगों ने दुकान व मकानों के निर्माण में नक्शे पास नहीं करवाए और न ही विकास शुल्क का भुगतान किया। जिसको लेकर नगर पालिका द्वारा कई बार निर्माण कर रहे मालिकों को नोटिस के माध्यम से अवगत भी करवाया गया, लेकिन उन्होंने इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया। जिसके बाद शुक्रवार को ड्यूटी मैजिस्ट्रेट तहसीलदार अजय कुमार की अगुवाई में पुलिस बल की मौजूदगी में नगरपालिका अधिकारियों ने शहर में करीब नौ दुकानों को सील करने की कार्रवाई की। साथ ही लोगों को नक्शे पास करवाकर विकास शुल्क भरकर ही निर्माण कार्य करने की अपील की। इस मौके पर नपा सचिव प्रदीप कुार, एमई राजेश कौशिक, जेई मनीष कुमार, रूपेश यादव, योगेंद्र बाबू व एसआई वीरेंद्र यादव सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे।
दुकान मालिकों ने लगाए आरोप
नगरपालिका की कार्रवाई से रोषित दुकानदारों ने कहा कि वे पिछले दो माह से विकास शुल्क भरने के लिए नगर पालिका कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। मोतीलाल बंसल ने बताया कि उसके नाम से जमीन है। जिस पर दुकानें बनाई गई है, लेकिन उसे अभी तक कोई नोटिस नहीं दिया गया और आज बिना नोटिस दिए दुकानों को सील लगा दी गई। उन्होंने कहा कि नांगल चौधरी में ऐसे बहुत सारे निर्माण कार्य चल रहे हैं। जिन पर नपा द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई।
जो लोग बिना नक्शे पास करवाए अवैध रूप से निर्माण कर रहे हैं या जिन्होंने विकास शुल्क जमा नहीं करवाए ही निर्माण कर लिया है। उनके खिलाफ विभागीय निर्देशानुसार सील लगाने की कार्रवाई की गई। जो लोग नोटिस नहीं देने की बात कह रहे हैं उन सभी को तीन बार नोटिस दिया जा चुका है और उन्होंने रिसीव भी किया हुआ है, लेकिन उनकी तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई। जिस पर ड्यूटी मैजिस्ट्रेट की मौजूदगी में सील लगाने की कार्रवाई की गई। जो लोग नपा से बिना नक्शा व बिना विकास शुल्क जमा कराए अवैध रूप से निर्माण करेंगे उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-प्रदीप कुमार, सचिव, नगर पालिका, नांगल चौधरी।