अधिकारियों की बैठक लेते जिला एवं सत्र न्यायाधीश आरके सोंधी।
- फोटो : Narnol
नारनौल। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत आगामी 8 नवंबर को आईटीआई नारनौल में आम नागरिकों को एक ही छत के नीचे मेगा कैंप लगाकर विभिन्न प्रकार की सरकार की योजनाएं व सेवाएं मुहैया करवाई जाएंगी। नालसा के दिशा-निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम की रूपरेखा बनाने के लिए जिला सत्र एवं न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष आरके सौंधी ने मंगलवार को एडीआर सेंटर में अधिकारियों के साथ बैठक की।
अधिकारियों को संबोधित करते हुए जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कहा कि 8 नवंबर को लगने वाले इस मेगा कैंप में सभी विभागों की सेवाओं व योजना के लिए आईटीआई मैदान में स्टॉल लगाई जाएंगी। प्रत्येक स्टॉल पर आम नागरिकों को मौके पर ही ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड, किसी भी प्रकार का प्रमाण पत्र, असंगठित क्षेत्र के मजदूरों का पंजीकरण, सरकार के विभिन्न विभागों की पेंशन योजना सहित विभिन्न योजना व सेवा देने के लिए अधिकारी व कर्मचारी बैठेंगे।
इसमें सभी अधिकारियों का सहयोग जरूरी है। अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि इस दिन उनके कर्मचारी लगातार लोगों को सेवाएं व योजनाएं देने का काम करें। उन्होंने ने कहा कि नालसा का प्रयास है कि सरकार की सभी योजनाएं व सेवाओं की पहुंच आम नागरिकों तक हो। बैठक में सीजेएम एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अंजलि जैन, एसडीएम मनोज कुमार, डीएसपी जितेंद्र, डीएसपी जेल कुलदीप हुड्डा आदि मौजूद रहे।