अधिकारियों की बैठक लेते एडीसी अनुराग ढालिया।
- फोटो : Narnol
नारनौल । सरकार के निर्देशानुसार जल शक्ति अभियान के तहत महेंद्रगढ़ में प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण की दशा में इस वर्ष बेहतरीन काम हुए हैं। ऐसे में इन सब कार्यों की प्रगति रिपोर्ट जल शक्ति अभियान के केंद्रीय पोर्टल पर अपलोड होनी जरूरी है ताकि इस जिले का काम देशभर में दिखाई दे। सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि उनके द्वारा किए गए सभी कार्यों की रिपोर्ट पोर्टल पर अपलोड की जाए। यह निर्देश अतिरिक्त उपायुक्त अनुराग ढालिया ने शनिवार को अपने कार्यालय में जल शक्ति अभियान के संबंध में बुलाई अधिकारियों की बैठक में दिए।
एडीसी ने बताया कि अन्य वर्षों के मुकाबले इस बार नहर में भी 110 दिन से लगातार पानी चला है और अभी 12 अक्तूबर तक पानी लगातार चलने की संभावना है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पानी की महत्ता को समझते हुए देशभर में यह योजना चलाई है। इससे दक्षिणी हरियाणा के जिलों में तेजी से गिर रहे जलस्तर को रोकने में कामयाबी मिली है।
योजना के तहत प्राकृतिक जलाशयों जैसे झील, तालाब, कुएं और नदियों के संरक्षण का कार्य किया जा रहा है। वहीं शहरी क्षेत्रों में एसटीपी के पानी को भी खेती के लिए प्रयोग करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इस योजना के तहत किसानों को जल संरक्षण के लिए शिक्षित भी किया गया है। उन्हें बिना जल बर्बाद किये होने वाली आधुनिक सिंचाई तकनीक से भी अवगत करवाया गया है। हरियाणा सरकार किसानों को सिंचाई के आधुनिक उपकरण 70 से लेकर 80 फीसदी तक सब्सिडी पर उपलब्ध करा रही है ताकि पानी का कम से कम प्रयोग करते हुए अच्छी खेती की जा सके। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।