कनीना। पुलिस ने क्षेत्र में रविवार को ग्रामीण क्षेत्रों में से छापे मारकर पटाखे बरामद किए। पटाखा बिक्री के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस को सूचना मिली कि गांव भोजावास निवासी देवेंद्र अपने मकान में अवैध रूप से आतिशबाजी रख कर बिक्री कर रहा है। पुलिस ने सूचना सूचना के आधार पर छापेमारी कर घर की तलाशी करने पर मकान के अंदर कट्टों में विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद किए। पुलिस ने देवेंद्र कुमार भोजावास के विरुद्ध मामला दर्ज किया।
वहीं दूसरी ओर गुप्त सूचना के आधार पर कनीना पुलिस ने पीएनबी बैंक मंडी रोड स्थित एक घर से छापेमारी कर अनिल से भारी मात्रा में पटाखे बरामद किए। पुलिस को सूचना मिली कि अनिल कुमार अपने रिहायशी मकान पर पटाखे और ज्वलनशील सामग्री बेच रहा है। पुलिस ने दबिश दी तो आरोपी अनिल घर पर ही मिला। घर के अंदर कमरे की जांच की गई तो भारी मात्रा में पटाखे बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी के तहत मामला दर्ज कर लिया है। वहीं तीसरे मामले में कनीना पुलिस को सूचना मिली कि रामपाल निवासी गांव सेहलंग अपने मकान के बाहर पटाखे रखकर बिक्री कर रहा है। पुलिस ने तुरंत प्रभाव से छापेमारी की तो मकान के बाहर एक व्यक्ति मौजूद था जो चारपाई पर विभिन्न प्रकार के पटाखे बेच रहा था। उसने अपना नाम रामपाल सेहलंग बताया। तलाशी करने पर मकान के अंदर दो कट्टों में अनेक प्रकार के पटाखे बरामद हुए। पुलिस ने रामपाल के विरुद्ध मामला दर्ज का जांच आरंभ कर दी है।