हरियाणा के नारनौल में महिला अध्यापक के ऊपर से रोडवेज बस निकल गई। मौके पर ही महिला की मौत हो गई। नारनौल की रेणू यदुवंशी डिग्री कॉलेज में पढ़ाने का कार्य करती थी।
हरियाणा के नारनौल में स्कूटी सवार महिला अध्यापक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। जिसके बाद सड़क पर जाम के हालात बन गए। मिली जानकारी के अनुसार हुडा सेक्टर नारनौल की रेणू यदुवंशी डिग्री कॉलेज में पढ़ाने का कार्य करती थी। वह प्रतिदिन की तरह मंगलवार को भी कॉलेज से अपने घर आ रही थी।
विज्ञापन
वह जैसे ही रेवाड़ी रोड स्थित छलक नाले के नजदीक पहुंची तो पहले स्कूटी को एक गाड़ी चालक ने टक्कर मार दी। जिससे वह सड़क पर गिर गई। इस दौरान रेवाड़ी की तरफ से आ रही रोडवेज बस महिला अध्यापक के ऊपर से निकल गई।
जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को नारनौल के नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। जहां मंगलवार देर सायं पोस्टमार्टम कर मृतका के परिजनों को शव सौंप दिया।