खाद नहीं मिलने पर सोसायटी कार्यालय में नारेबाजी करते किसान। संवाद
- फोटो : Narnol
यूरिया नहीं मिलने पर किसानों ने वीरवार को निजामपुर को ऑपरेटिव सोसायटी कार्यालय पर ताला जड़ दिया। किसानों ने कहा कि यूरिया पहुंचने के दो दिन बाद भी उन्हें नहीं दी जा रही है। इसके चलते गुस्साएं किसानों ने सोसायटी कार्यालय पर ताला जड़ दिया। इस मौके पर किसानों ने सरकार के साथ सोसायटी अधिकारियों व कर्मचारियों खिलाफ नारेबाजी कर अपना विरोध जताया। वहीं तालाबंदी की सूचना मिलने के उपरांत स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और को ऑपरेटिव सोसायटी कर्मचारियों को बुलाकर किसानों को खाद देना शुरू करवाया।
किसान ओम प्रकाश, महावीर चंदेला, अशोक व बुधराम आदि किसानों ने रोष जताते हुए कहा कि सरकार व पैक्स कर्मचारियों की वजह से किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिससे किसानों में भारी रोष है। उन्होंने कहा कि गेहूं व सरसों की बिजाई से पहले किसानों को समय पर डीएपी खाद नहीं मिल पाया था। जिस कारण मजबूरन किसानों ने औने-पौने दामों में खाद खरीदना पड़ा। वहीं आज पैक्स कर्मचारियों व जिला प्रशासन की लापरवाही की वजह से फिर एक बार क्षेत्र के किसान यूरिया खाद के लिए भटक रहे हैं। उन्होंने कहा कि पैक्स में खाद आए 2 दिन हो गए हैं, परंतु किसानों को उनके हक का खाद नहीं दिया गया। जिससे गुस्साए ग्रामीणों ने पैक्स को ताला जड़ दिया। तालाबंदी की सूचना पाकर मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस पैक्स कर्मचारियों को सूचित करते हुए मौके पर बुलाया। जहां 2 घंटे बाद किसानों को खाद वितरित किया गया।
पैक्स कर्मचारी की लापरवाही के संबंध में जांच करवाई जाएगी। इस संबंध में जो भी जानकारी मिलेगी अमल में लाई जाएगी। यदि इस संबंध में पैक्स कर्मचारी की लापरवाही सामने आई तो उस पर विभाग की तरफ से सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। अजय कुमार, जिला उपायुक्त नारनौल।